Highlights

इंदौर

व्यापारी का अपहरण, रात को कार में ले गए, मारपीट कर छोड़ा

  • 28 Apr 2022

इंदौर। दो व्यापारियों के बीच चल रहे लेनदेन में एक व्यापारी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर दूसरे का अपहरण कर लिया। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों पर केस दर्ज किया है। बताया जाता है कि आरोपी रात दो बजे व्यापारी को कार में ले गए थे। जहां करीब डेढ़ घंटे तक गाड़ी में बैठाकर मारपीट कर रास्ते में छोड़कर चले गए।
छत्रीपुरा पुलिस के मुताबिक लोधीपुरा में रहने वाले अंकित पिता गोपाल शर्मा की शिकायत पर शेखर परमार निवासी राजेन्द्र नगर और उसके दो साथियों के खिलाफ अपहरण और मारपीट के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस अभी आरोपियों की तलाश कर रही है। अंकित ने बातचीत में बताया कि उसका यूपीवीसी खिड़की का काम है। शेखर का बंगाली चौराहे पर ऑफिस है। वह भी इसी माल का बड़ा सप्लायर है। अंकित को शेखर के करीब साढ़े तीन लाख रुपए की उधारी देना थी। जिसे उसने किश्तों में देने की बात कही थी। काफी समय से शेखर रुपए के लिए तकादा लगा रहा था। इस बात को लेकर सोमवार को दोनों की कहासुनी हो गई थी। पुलिस के मुताबिक शेखर परमार रात करीब दो बजे एसयूवी कार से अंकित के घर शिवम अपार्टमेंट बिल्डिंग पहुंचा था। यहां उसने अंकित को बात करने के लिए नीचे बुलाया। अंकित जब नीचे आया तो उसे जबदस्ती शिवम अपने साथ कार में बैठाकर ले गया और महूनाका,कलेक्टर ऑफिस सहित अन्य इलाकों में घुमाता रहा। करीब रात साढ़े तीन बजे के लगभग अंकित को कार से बियाबानी चौराहे के पास उतार कर भाग गया। जिसके बाद वह पैदल अपने घर पहुंचा। शरीर पर चोट के निशान देखने के बाद अंकित को परिवार के लोग थाने ले गए। जहां पहले पुलिस ने मेडिकल कराने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने मामले में शेखर व उसके साथियों पर केस दर्ज किया है।