अपने मनमाने समय पर कर्मचारी चला रहे कचरा कलेक्शन वाहन
इंदौर। शहर में इसी माह होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन और इन्वेस्टर्स समिट को लेकर नगर निगम तेजी से रंग-रौंगन में लगा हुआ है। इस काम के लिए अपने पूरे अमले को निगम ने लगा दिया है जिसके चलते मध्य शहर के वार्डों में कचरा कलेक्शन की व्यवस्था चरमरा गई है। शहर के रावजी बाजार स्थित वार्ड 62 के कई इलाकों में इन दिनों दरागोओं की लापरवाही के कारण नगर निगम के कचरा वाहन समय पर नहीं आ रहे हैं जिससे रहवासियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वार्ड 62 के हाथीपाला, महल कचहरी, गाड़ी अड्डा समेत कई इलाकों में कचरा कलेक्शन वाहन के कर्मचारी अपने मनमाने समय से इन वाहनों को चला रहे हैं जिससे समय पर वाहन नहीं आ रहे है। नौकरी पेशा घरों में लोग सुबह 10 बजे ही घर छोड़ चले जाते हैं जबकि वाहन अपने समय से देरी से पहुंच रहे हैं। हालाकि यह समस्या कई समय परेशानी है लेकिन दरोगा सिर्फ अधिकारियों के दौरे के समय ही इन पर ध्यान देते हैं उसके बाद व्यवस्था जस की तस हो जाती है।
जीपीएस सिस्टम कोई काम का नहीं
नगर निगम के अधिकारियों के द्वारा बरसों से ये दावे किए जा रहे हैं कि निगम के कचरा कलेक्शन वाहन जीपीएस सिस्टम से चलाए जा रहै हैं ताकि इनके समय को लेकर ध्यान रखा जा सके लेकिन ये सिस्टम कोई काम के नहीं है। अधिकांश कचरा कलेक्शन वाहनों की हालत बदतर होती जा रही है जो कहीं पर भी खड़े हो जाते हैं इसी कारण इनके समय में काफी दिक्कतें आ रही हैं।
हाथीपाला चौराहा से लेकर गाड़ी अड्डा चौराहे तक चलने वाले वाहन को लेकर काफी परेशानी आ रही है। रविवार के दिन तो अधिकांश वाहन कचरा कलेक्शन के लिए आते ही नहीं है जिनका रास्ता दिनभर देखा जाता है लेकिन कचरा घरों में ही पड़ा रहता है।
कभी 11 तो कभी 12 बजे आते हैं वाहन
रहवासियों का कहना है कि पहले कचरा गाडिय़ां सुबह 9 बजे के आसपास आ जाती थी लेकिन अब आलम यह है कि कभी 11 तो कभी 12 बजे वाहन कचरा कलेक्शन के लिए आते हैं, ऐसे में जॉब पर चले जाने के कारण कचरा नहीं डाल पाते हैं। वाहनों के साथ चलने वाले एनजीओ कर्मचारी व दरोगा भी इन दिनों नदारद रहते हैं जिसके कारण लापरवाही हो रही है।
इंदौर
वार्ड 62 में कचरा कलेक्शन में लापरवाही
- 02 Jan 2023



