वाहन सुधारने और सर्विस आदि सब महिलाएं कर रही
इंदौर। शुक्रवार को इंदौर के हवा बंगला क्षेत्र के विदुर नगर में शहर के तीसरे महिला मैकेनिक गैरेज की शुरूआत हुई। समान सोसायटी द्वारा महिलाओं को मैकेनिक रोजगार में लाने के परिणामस्वरूप अब तक दो महिला मैकेनिक गैरेज स्थापित है जो शहर के पालदा एवं पीपल्याहाना क्षेत्र में संचालित हो रहे हैं। समान सोसायटी द्वारा मशहूर टायर कंपनी ब्रिजस्टोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से यह तीसरा गैराज स्थापित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि समान सोसायटी द्वारा पिछले सात वर्षों से इंदौर में महिलाओं को तकनीकी रोजगार से जोडऩे का कार्य किया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप इंदौर को देश का पहला महिला मैकेनिक गैरेज की स्थापना का गौरव हासिल हुआ है। संस्था के निदेशक राजेन्द्र बंधु के अनुसार यंत्रिका सर्विस सेंटर के नाम से स्थापित यह गैराज महिला मैकेनिक ही संचालित करेगी तथा यहां बाईक रिपेयर व्यवसाय के साथ ही आसपास के क्षेत्र की महिलाओं को मैकेनिक का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। संस्था द्वारा अगले एक वर्ष में इस क्षेत्र की 50 महिलाओं को मैकेनिक कौशल का प्रशिक्षण देकर विभिन्न कंपनियों के सर्विस सेंटर्स पर मैकेनिक के रूप में नौकरी दिलवाई जाएगी तथा जो महिलाएं स्वरोजगार की इच्छुक होगी, उन्हें उसके लिए मदद दी जाएगी।
इंदौर
शहर में तीसरे महिला मैकेनिक गैरेज की शुरूआत
- 11 Jun 2022