इंदौर। शादी करवाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस लुटेरी दुल्हन और उसके गिरोह के सदस्यों की तलाश कर रही है। वहीं मामले में शादी करवाने वाली महिला के पति को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ जारी है।
एरोड्रम पुलिस के अनुसार सुनील बटवाल निवासी मनासा की शिकायत पर लुटेरी दुल्हन पूनम सहित मैरिज ब्यूरो चलाने वाली दीपा उसके पति सुनील, बेटे बॉबी, भतीजे राहुल जैन सहित श्वेता और रणजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियदी सुनील ने बताया कि उसके भाई अनिल बटवाल की शादी के लिए वह मैरिज ब्यूरो चलाने वाली दीपा जैन निवासी कालानी नगर से मिले थे। आरोपी ने पूनम से शादी करवाने का झांसा दिया और हजारों रुपए ले लिए। शादी के बाद दुल्हन यह कहकर दूल्हे अनिल के साथ नहीं गई कि उनके घर का रिवाज है कि शादी के 15 दिन बाद तक दुल्हन अपने मायके में ही रहती है। 15 दिन बाद अनिल अपनी दुल्हन को बुलाने लगा तो उसने आने से इंकार कर दिया। फरियादी सुनील और अनिल ने मैरिज ब्यूरो चलाने वाली और शादी करवाने वाली दीपा जैन और उसके पति सुनील जैन से बात की तो वह भी टालती रही, उनसे पैसा वापस मांगा तो उन्होंने 25 हजा रुपए लौटा दिए। बाकी पैसा लौटाने को तैयार नहीं हुए। थक हार कर फरियादी ने मामले की शिकायत पुलिस से की फिलहाल सुनील को पुलिस ने हिरासत में लिया है बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
इंदौर
शादी करवाने के नाम पर धोखाधड़ी, लुटेरी दुल्हन की पुलिस कर रही तलाश
- 21 Sep 2022