Highlights

इंदौर

शासकीय भूमि से 18 अतिक्रमण हटाए गए

  • 05 May 2022

इंदौर ।  कलेक्टर  मनीष सिंह के निर्देशन में इंदौर जिले में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी है। इसी क्रम में राजस्व अमले द्वारा तहसील बिचोली हप्सी मे तेजाजी नगर स्क्वायर के समीप असरावद खुर्द क्षेत्र में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। उक्त संबंध में जानकारी देते हुए एसडीएम श्री अक्षय सिंह मरकाम ने बताया कि बुधवार को की गई कार्यवाही के तहत असरावद खुर्द क्षेत्र में शासकीय भूमि से कुल 18 अतिक्रमण जिसमें टीन शेड, गोदाम, पक्के मकान एवं कुछ दुकानें भी शामिल थी, ऐसे अवैध अतिक्रमण को जेसीबी एवं बुल्डोजर के द्वारा जमींदोज किया गया। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण से मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 5 करोड़ रुपए है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशन में आगे भी इस प्रकार की कार्यवाही जारी रहेगी।

लावारिस वाहनों की होगी निलामी
इंदौर । इंदौर के लसुडिय़ा थाने में धारा-25 पुलिस एक्ट में जप्तशुदा लावारिस वाहनों की निलामी की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है। थाना प्रभारी लसुडिय़ा के अनुसार निलामी में विभिन्न प्रकार के 23 वाहन निलाम किये जायेंगे। वाहनों को लसुडिय़ा थाने में देखा जा सकता है। निलामी के संबंध में विस्तृत जानकारी और शर्तें भी इसी थाने से प्राप्त की जा सकती है।

 राष्ट्र को अराजक तत्वों से बचाने की प्रार्थना
इंदौर । शहर के सबसे प्राचीन एवं स्नेहलतागंज स्थित परशुराम मंदिर शिवकुटी पर भगवान परशुराम के प्राकट्य महोत्सव के उपलक्ष्य में श्री सनाढ्य ब्राह्मण सभा की ओर से गन्ने के रस से अभिषेक एवं महाआरती का आयोजन पं. किशोर शुक्ला के सानिध्य में किया गया। इस अवसर पर सनाढ्य ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष पं. देवेन्द्र शर्मा, महासचिव पं. संजय जारोलिया, पं. भगवती शर्मा, पं. अनिल शर्मा, संरक्षक पं. नरेन्द्र तिवारी, पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष पं. संजीव उपाध्याय, प्रभारी पं. देवेन्द्र शर्मा, पं. शेखर शुक्ला, पं. विनोद गोस्वामी, पूर्वी क्षेत्र प्रभारी पं. गगन दुबोलिया, पं. वीरेन्द्र शर्मा, पं. अशोक शर्मा, पं. सुनील दीक्षित सहित बड़ी संख्या में विप्र बंधुओं ने उपस्थित रहकर भगवान परशुराम का पूजन, अभिषेक कर राष्ट्र को अराजक तत्वों से बचाने और उन्हें कुचलने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

नारायण सांई धाम कुष्ठ आश्रम पर उपहारों सहित बेटी की विदाई  
इंदौर।  पितृ पर्वत के पास नारायण सांई धाम कुष्ठ आश्रम पर समाजसेवी जगदीश बाबाश्री के मुख्य आतिथ्य में आश्रम की बेटी सौ. का. कृष्णा का शुभ विवाह बाणगंगा निवासी दीपक के साथ पूर्ण रस्मों एवं परंपराओं का पालन करते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि बाबाश्री ने नवयुगल को गृहस्थी चलाने योग्य उपहार भेंटकर शुभाशीष प्रदान किए। समाजसेवी जगदीश बाबाश्री इसके पूर्व भी कुष्ठ बस्ती की पांच कन्याओं के तथा शहर में 105 कन्याओं के विवाह में भागीदार बन चुके हैं। आशीर्वाद समारोह में कुष्ठ आश्रम परिवार के सभी सदस्यों के अलावा अग्रवाल समाज के समाजसेवी अरुण आष्टावाले, प्रमोद बिंदल, अभय मित्तल, भावना नितिन अग्रवाल, कैलाश नारायण बंसल, राजेश मित्तल, तृप्ति अरुण गोयल, अंजलि अग्रवाल सहित विभिन्न अग्रवाल वैश्य संगठनों के गणमान्य बंधुओं ने भी वर-वधू को उपहारों सहित शुभाशीष प्रदान किए।