इंदौर। पलसीकर चौराहे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से काका और उसकी दो साल की भतीजी बुरी तरह घायल हो गए। हादसे में जूनी इंदौर निवासी कालू पिता दीपक भमोरे की सोमवार को मौत हो गई। शनिवार को घायल हुए कालू का उपचार एमवाय में चल रहा था। उसके साथ गई दो साल की भतीजी वंशिका का उपचार जारी है। पुलिस के मुताबिक कालू अपनी दो साल की भतीजी वंशिका के साथ शनिवार रात चोइथराम मंडी पंप से बाइक में पेट्रोल डलवाकर घर लौट रहे थे। पलसीकर चौराहे के यहां बाइक पर सवार दोनो को अज्ञात वाहन ने टककर मार दी थी। बच्ची वंशिका का उपचार जारी है।
अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम की टीम
इंदौर। शंकरगंज क्षेत्र के किला मैदान के पास नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची। यहां से नगर निगम के पास लंबे समय से अतिक्रमण हटाने की शिकायतें मिल रही थीं। निगम ने अतिक्रमण हटाने के पहले सभी को सूचित कर दिया था। इसके बाद भी शुरु में विरोध का सामना करना पड़ा।
शर्मा को श्रद्धांजलि देने आएंगे वीडी शर्मा, ताई का गोपाल मंदिर निरीक्षण निरस्त
इंदौर। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत इंदौर के गोपाल मंदिर में किए गए संरक्षण व नवीनीकरण कार्य का अवलोकन पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने निरस्त कर दिया है। भाजपा प्रवक्ता उमेश के हार्ट अटैक से निधन के चलते यह निर्णय लिया गया है। आज दोपहर 12 बजे होने वाले इस निरीक्षण में कलेक्टर मनीष सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल, स्मार्ट सिटी सीईओ ऋषव गुप्ता भी उपस्थित रहने वाले थे। इधर, उमेश शर्मा के अंतिम संस्कार में शामिल होने भाजपा के प्रदेश् अध्यक्ष वीडी शर्मा दोपहर 1.30 बजे मुक्तिधाम पहुंचेंगे।
महिला से मारपीट
इंदौर। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला के साथ में देवर और अन्य लोगों ने मारपीट की है। महिला ने पुलिस को बताया कि पति की मौत हो गई है। इसी के चलते उस पर देवर और अन्य रिश्तेदार दबाव बना रहे थे कि देवर की पत्नी बनकर रहे। उसने मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ में डंडे से मारपीट कर दी।