इंदौर। बांबे हास्पिटल के समीप रिंगरोड के चौराहे पर शुक्रवार की शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवती की जान चली गई। दरअसल कंपनी में नौकरी करने के बाद स्कूटी से घर जा रही युवती की ट्रक ने जान ले ली। दरअसल युवती को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई और उसने दम तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
हादसा शुक्रवार की देर शाम पूर्वी रिंगरोड पर बांबे हास्पिटल चौराहे के समीप हुआ। नंदानगर निवासी पलक पति विपिन केदारे रोज की तरह कल भी कंपनी में नौकरी करने के लिए गई थी, लेकिन उसे व उसके परिजनों को यह पता नहीं था यह उसका आखिरी दिन होगा। शाम को वह आफिस से अपनी स्कूटी पर सवार होकर घर जाने के लिए निकली थी। जैसे ही वह बांबे हास्पिटल चौराहे के समीप पहुंची, उसी समय लापरवाह ट्रक चालक ने उसे टक्कर मारते हुए अपनी चपेट में ले लिया। राह चलते लोगों ने हादसा देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी और युवती को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी। बताया जाता है कि पलक की करीब पांच-छह साल पहले ही शादी हुई थी। उसके कोई बच्चे भी नहीं थे। पुलिस ने मृतका की पहचान के बाद उसके परिजनों को सूचना दी। पलकी मौत की खबर परिजन बदहवास हो गए। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर ट्रक चालक पर केस दर्ज किया है।
इंदौर
सड़क हादसे में युवती की मौत, पूर्वी रिंगरोड पर ट्रक ने चपेट में लिया
- 23 Jul 2022



