इंडिया प्लास्ट पैक फोरम के कार्यक्रम में एडीजी डॉ.वरुण कपूर ने बताए बचने के अनेक मंत्र
इंदौर। साइबर बुलिंग एक ऐसा अपराध है जो आजकल डिजिटल दुनिया में किसी के भी साथ हो सकता है। लेकिन साइबर क्राइम एवं सुरक्षा के बारे में जानकारी के अभाव के कारण इसकी चपेट में सबसे ज्यादा बच्चे आ रहे हैं। बुलिंग करने वाला व्यक्ति आपका रिश्तेदार, दोस्त या कोई अज्ञात व्यक्ति भी हो सकता है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डॉ. वरूण कपूर ने इंडिया प्लास्ट पेक फोरम के तत्वावधान में ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर के जामवर हॉल में आयोजित साइबर क्राइम एवं साइबर सुरक्षा विषय पर आधारित कार्यशाला में ऐसी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की। इस विषय पर यह 539वीं कार्यशाला थी, जिसमें 125 से अधिक उद्योगपति शामिल हुए। डॉ. कपूर ने उद्योगपतियों द्वारा पूछे गए सवालों एवं अन्य जिज्ञासाओं का भी संतोषप्रद समाधान किया। प्रारंभ में इंडियन प्लास्ट पैक फोरम के अध्यक्ष सचिन बंसल, सचिव रामकिशोर राठी, उद्योगपति हितेश मेहता, पूर्व अध्यक्ष ब्रजेश गांधी, जाहिद शाह, प्रेम नागौरी, प्रवीण गुप्ता, आरआर कैट के वैज्ञानिक अनुराग बंसल सहित अनेक प्रमुख नागरिक भी उपस्थित थे, जिन्होंने डॉ. वरुण कपूर का स्वागत किया। स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रवीण गुप्ता, प्रेम नागौरी एवं जाहिद शाह ने भेंट किए। संचालन किया पूर्व अध्यक्ष ब्रजेश गांधी ने।
डॉ. कपूर ने कहा कि साइबर अपराध बढऩे का प्रमुख कारण सुरक्षा के मापदंड नहीं अपनाना और नियमों की जानकारी न होना अथवा असली दुनिया के मापदंड वर्चुअल वल्र्ड में भी अपनाना है। आज का युग इन्फरमेशन का युग है, जिसके पास जितनी ज्यादा इन्फरमेशन होगी, वह उतना ही सशक्त होगा। आजकल अपराधी भी हमारी सोशल मीडिया पर शेयर की गई जानकारी का उपयोग कर साइबर अपराधों को अंजाम दे रहे हैं। इस वर्चुअल दुनिया में अपनी सुरक्षा का ध्यान खुद हमें ही रखना होगा।
डॉ. कपूर ने उपस्थित उद्योगपतियों से आग्रह किया कि वे इस मामले में किसी पर भी अंधा विश्वास नहीं करें और सुरक्षा के मानदंडों को अपनाते हुए साइबर स्पेस का उपयोग करें। शार्टकट एवं प्रलोभन में न फंसे। आज पूरा विश्व मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से आपस में एक हो गया है। इसलिए अपने पासवर्ड को हर प्लेटफार्म पर बार-बार रिपीट न करें, इसे समय-समय पर बदलते रहें। साइबर बुलिंग, साइबर स्टाकिंग, फिशिंग, साइबर ग्रुमिंग एवं गेमिंग साइबर से जुड़े वे अपराध हैं जिनके बारे में हमें जानकारी होना आवश्यक है।
इंदौर
साइबर बुलिंग की रोकथाम के लिए पूरी सतर्कता बरतें
- 23 May 2022



