Highlights

इंदौर

सूची सैकड़ों की, कार्रवाई गिनती, अभी तक नहीं तोड़े खतरनाक मकान

  • 14 Jun 2022

इंदौर। शहर में बारिश आने से पहले ही नगर निगम के द्वारा खतरनाक मकानों को तोडऩे के लिए अभियान चलाने की बात की जाती है लेकिन हर साल ये काम अधूरा रह जाता है। हर साल खतरनाक मकानों की सूची बनती है जो सैकड़ों की तादात में होते हैं लेकिन गिनती मकानों को तोड़कर अपने कर्तव्य से इतीश्री कर ली जाती है। इंदौर नगर निगम के द्वारा दावा किया जा रहा है कि एक बार फिर खतरनाक मकान तोडऩे का अभियान शुरू किया जाएगा।
इन दिनों सदर बाजार में चल रहे सड़क के चौड़ीकरण के कार्य में 6 खतरनाक मकान टूट गए हैं। अब जब बारिश का मौसम सिर पर आ गया है, तब नगर निगम को खतरनाक मकानों की याद आई है। हमेशा बारिश शुरू होने के पहले की मकानों के खतरनाक हिस्से को तोडऩे का काम किया जाता है। नगर निगम में तो पिछले कुछ सालों से यह परंपरा बन गई है कि जब बारिश शुरू हो जाए और खतरनाक मकान दरकने लगे तब जाकर उसे तोडऩे की कार्रवाई की जाए।
कुछ सालों की इस परंपरा को इस साल भी नगर निगम के अधिकारी कायम रखे हुए हैं। निगम द्वारा इस मामले में बैठक कर तैयार सूची पर आगामी योजना बनाई जाएगी तथा जैसे ही आदेश मिलेंगें कार्रवाई को शुरु कर दिया जाएगा। सदर बाजार मेन रोड पर स्थित खतरनाक मकानों में से 6 मकान सड़क के चौड़ीकरण के कार्य के दौरान टूट गए हैं। इस बारे में क्षेत्र के भवन निरीक्षक विनोद मिश्रा के द्वारा रिपोर्ट तैयार कर निगम मुख्यालय में भेज दी गई है।
इस रिपोर्ट में कहा गया है कि सड़क के चौड़ीकरण के लिए लोगों से खुद के निर्माण तुड़वाने का नगर निगम के द्वारा जो अभियान चलाया गया। इस अभियान में 6 खतरनाक मकानों के मालिकों के द्वारा अपने मकान के उस हिस्से को सड़क का रास्ता देने के लिए तोड़ दिया गया है, जो कि सड़क के चौड़ीकरण में बाधक था ।ऐसी स्थिति कुछ उन मार्गों पर भी बनी है जिन पर इस समय सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है।