इंदौर। शनिवार सुबह शहर में हल्की ठंडक का एहसास हुआ। सुबह मॉर्निंग वाक के लिए जाने वाले लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों ने भी अब स्वेटर पहनना शुरू कर दिया है। हालांकि अभी दोपहर तक धूप निकले करण ठंडक से राहत मिल रही है और तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। शुक्रवार को जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 31.4 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री के आसपास रहा। सुबह के समय हवाएं शांत रही और दृश्यता 4000 मीटर तक दर्ज की गई। शुक्रवार को भी अधिकांश समय हवाये शांत रही, वहीं सुबह 11:00 से 5:00 बजे के बीच उत्तर पूर्वी हवाएं चली। मौसम विज्ञान के मुताबिक अगले दो दिनों में तापमान में हल्की सी गिरावट देखने को मिलेगी। नवंबर माह के दूसरे सप्ताह से हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ की गतिविधियां बढ़ने के पश्चात बर्फबारी होगी। इसके आसार से तापमान में गिरावट तेजी से दिखाई देगी।
गौरतलब है कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के पश्चात उत्तर भारत की ओर से आने वाली हवाओं के कारण इंदौर सहित मध्यप्रदेश में ठंडक का असर दिखाई देता है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष ज्यादा पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना जताई गई है। ऐसे में इस बार ठंड का असर ज्यादा दिनों तक दिखाई देगा। अगले एक सप्ताह तक दिन के तापमान में हल्की गिरावट रहेगी, वहीं रात के तापमान सामान्य के आसपास बने रहेंगे। इस दौरान धुंध और कोहरे का असर भी दिखाई देगा। हालांकि अभी कड़ाके की ठंड के लिए शहर वासियों को कुछ दिन तक इंतजार करना होगा।
अन्य शहरों के मुकाबले इंदौर में कम है प्रदूषण
प्रदेश के अन्य शहरों के मुकाबले इंदौर में प्रदूषण की स्थिति बेहतर है। शुक्रवार रात आठ बजे एक्यूआइ 151 था। यह प्रदेश के अन्य बड़े शहरों के मुकाबले कम है। इस वर्ष दीपावली पर भी शहर में प्रदूषण नियंत्रित रहा। वर्षों बाद ऐसा हुआ है। प्रदेश के बड़े शहरों में प्रदूषण की स्थितिदेश की राजधानी और उत्तर भारत के अनेक राज्यों के मुकाबले प्रदूषण के मामले में प्रदेश के बड़े शहरों की स्थिति अच्छी कही जा सकती है।
शुक्रवार को राजधानी भोपाल का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 194, ग्वालियर का 229, जबलपुर का 181 रहा। इंदौर के पास औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर का एक्यूआइ 135 रहा, जबकि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार इस दिन दिल्ली के आनंद विहार क्षेत्र में यह 460 रहा। मप्र राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सदस्य के सचिव एए मिश्रा का कहना है कि दूसरे शहरों के तुलना में मप्र में वायु प्रदूषण नियंत्रण में है। इसमें और कमी लाने के लिए स्थानीय एजेंसियां काम कर रही हैं।
इंदौर
सुबह हुआ हल्की ठंडक का एहसास
- 29 Oct 2022