Highlights

इंदौर

हेड कांस्टेबल और महिला ने की खुदकुशी

  • 02 May 2022

इंदौर। द्वारकापुरी थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। वहीं तानों से परेशान होकर एक महिला ने भी जहर खाकर अपनी जान दे दी। दोनों ही मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार द्वारकापुरी थाने में पदस्थ हेड कांस्टेबल मोहन सोलंकी ने सोमवार देर रात फांसी लगा ली। वह राजेंद्र नगर स्थित पुलिस लाइन में रहता था। मोहन मूल रूप से खरगोन का रहने वाला है। उसके साथ पत्नी और दो बच्चे भी यहीं रहते हैं। पत्नी ने पुलिस को बताया कि वह कमरे को अंदर से बंद करके सो रहा था। सुबह दरवाजा नहीं खोला तो पत्नी ने आसपास के लोगों को बुलाकर उनकी मदद से दरवाजा तोड़ा। अंदर मोहन फंदे पर लटका था। पुलिस सुसाइड नोट को लेकर जांच कर रही है। मोहन की पत्नी कोर्ट में बाबू है।
उधर, राजेन्द्र नगर इलाके में रहने वाली एक महिला ने जहर खाकर जान दे दी। पति ने आरोप लगाया है कि आसपास की महिलाएं उसे विवाद के बाद ताने मारती थी। इस बात से दु:खी होकर उसने यह कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की है। पुलिस राजेन्द्र सिंह चौहान के मुताबिक इलाके में रहने वाली संगीता तंवर (40) ने अपने घर में जहर खा लिया था। उसे उपचार के लिये निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां महिला ने दम तोड़ दिया। पति पवन ने बताया कि घटना के समय वह काम पर गया था। उसका परिवार की महिलाओं से विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक अभी सुसाइड नोट नहीं मिला है बयानों के आधार पर जांच की जा रही है। परिजनों ने बताया कि उसके नौकरी पर जाने के बाद उसके ही परिवार और पास में रहने वाली संगीताबाई, मायाबाई, भूरीबाई, बबली आए दिन पत्नी संगीता से विवाद करते थे। ये महिलाएं संगीता के चरित्र पर छींटाकशी करती थी। इस बात से उसकी पत्नी दु:खी थी। पूर्व में भी कई बार विवाद हो चुके हैं।