बरसात के चलते जगह- जगह हुए कीचड़ से लेकर गंदगी को साफ किया जाएंगा,समुचित साफ-सफाई व्यवस्था का लक्ष्य निर्धारित
इंदौर। शहर के 85 वार्डों में सफाई के लिए नगर निगम ने प्रभारी तैनात किए हैं। सोमवार से आगामी 10 दिन तक यह प्रभारी अपने्-अपने वार्ड में सफाई का विशेष अभियान चलाएंगे। इसको लेकर दिशा- निर्देश जारी हो गए हैं। बरसात के चलते जगह- जगह हुए कीचड़ से लेकर गंदगी को साफ करने के अभियान के तहत काम होगा। इसके साथ ही कचरा प्रबंधन को लेकर भी काम किया जाएगा।
बरसात के चलते उत्पन्न हुई परिस्थितियों को देखते हुए आगामी 10 दिनों तक निगम शहर के 85 वार्डों की गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में विशेष सफाई अभियान चलाएगा। इसके तहत वार्ड की समुचित साफ-सफाई व्यवस्था का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक (सीएसआई) अन्य विभाग के अफसरों और कर्मचारियों को वार्ड का वार्ड प्रभारी नियुक्त किया गया है। निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने इन समस्त प्रभारियों को रोजाना अपने-अपने क्षेत्र में सुबह 6 बजे से उपस्थित रहते हुए वार्ड में सफाई कार्य कराने के आदेश दिए हैं। यह प्रभारी संपूर्ण वार्ड में सफाई मित्रों की उपस्थिति का नियंत्रण एवं सफाई कार्य का पर्यवेक्षण करेंगे।
वार्ड में गार्डन वेस्ट को नियमित उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। जिन वार्डों में नियमित अधिक मात्रा में गार्डन वेस्ट आता है। वहां वाहनों के दिन निर्धारित करते हुए रोस्टर बनाना कर काम करने का प्रभारियों से कहा गया है। साथ ही दिन व समय की सूचना समस्त रहवासियों को एनजीओ के माध्यम से देना होगी। निगमायुक्त पाल ने निर्देशित किया है कि समस्त वार्ड प्रभारी अधिकारी 30 सितंबर तक वार्ड की उल्लेखित समस्त व्यवस्था समस्त विभाग प्रमुखों, जोनल अफसर, स्वास्थ्य एवं भवन सफाई अधिकारियों, यत्रियों सहित एनजीओ से समन्वय कर काम करेंगे। किसी प्रकार की समस्या या फिर कठिनाई की स्थिति में अपर आयुक्त (स्वास्थ्य) को तत्काल अवगत कराएंगे।
ऐसा रहेगा अभियान
-डोर टू डोर कचरा संग्रहण वाहनों पर ड्राउवर और हेल्परों के कार्य का पर्यवेक्षण कर सेग्रीगेशन कचरा की गुणवत्ता सुनिश्चित करना।
-वार्ड के समस्त मार्गों एवं फुटपाथ की सफाई, घास की कटाई, गार्डन के चारों तरफ झाडिय़ों की कटाईए सीएंडडी वेस्ट हटाना आदि कार्य करना ।
-खुले प्लॉटो में साफ-सफाई कार्य के साथ ही मलेरिया उन्मूलन फॉगिंग और लार्वा नाशक दवा का छिड़काव करवाना।
-नदी और नालों के आसपास सफाई व्यवस्था करवाना।
-समस्त वार्ड अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि व्यवसायिक क्षेत्रों में सभी दुकानों पर अनिवार्यत: डस्टबिन हो । साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन हो ।
-ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का उल्लंघन करने वाले रहवासियों और दुकानदारों पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई करना।
-वार्ड प्रभारी अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि संपूर्ण वार्ड में किसी भी स्थान पर किसी भी परिस्थिति में कचरा पॉईंट न बने।
इंदौर
10 दिनों तक पूरे शहर में चलेगा स्वच्छता अभियान
- 19 Sep 2022



