Highlights

इंदौर

1800 किमी. पैदल चलकर की चारधाम यात्रा

  • 21 Jul 2022

वरिष्ठ पत्रकार ओम द्विवेदी ने पत्रकारों से साझा किए अपने संस्मरण
इंदौर। वरिष्ठ पत्रकार ओम द्विवेदी ने हाल ही में पैदल चारधाम की यात्रा पूरी की है। यह यात्रा पूर्ण करने में उन्हें 90 दिन से अधिक लगे। इसके पूर्व 2020-2021 में वे नर्मदा परिक्रमा की भी पदयात्रा कर चुके हैं। मूल रूप से रीवा के रहने वाले श्री द्विवेदी इंदौर में कई वर्षों तक बड़े मीडिया संस्थानों में पत्रकारिता कर चुके हैं। इंदौर प्रेस क्लब में सौजन्य मुलाकात के लिए पधारे श्री द्विवेदी ने अपनी दोनों पदयात्राओं के रोमांचक अनुभव पत्रकार साथियों के साथ साझा किए।
उन्होंने बताया कि 16 अप्रैल 2022 को ऋषिकेश से चारधाम यात्रा शुरू की थी, जो 17 जुलाई 2022 को समाप्त हुई। इस दौरान वे करीब 1800 किमी पैदल चले। सड़क मार्ग की बजाय पदयात्रा के लिए उन्होंने पहाड़ों और पगडंडियों का मार्ग चुना और इस दौरान साधु-संतों और स्थानीय लोगों ने उनका मार्गदर्शन किया। पदयात्रा में उन्हें घने जंगलों और बफीर्ले पहाड़ों से गुजरना पड़ा। तेंदुआ, भालू सहित जंगली जानवरों और अत्यधिक ठंडे मौसम के बावजूद वे अपनी पदयात्रा पूरी कर पाए तो केवल भगवान शिव की कृपा से। उन्हें हमेशा ऐसा महसूस होता रहा कि कोई अदृश्य शक्ति उन्हें ताकत दे रही है।
श्री द्विवेदी ने पैदल नर्मदा परिक्रमा के बारे में बताया कि उन्होंने अमरकंटक से खंबात की खाड़ी तक नवंबर 2020 से मार्च 2021 में नर्मदा की परिक्रमा की है। इस दौरान वे करीब 3600 किमी पैदल चले। नर्मदा परिक्रमा में उन्हें गरीब आदिवासियों ने भी भरपूर सहयोग दिया। अपने घर ठहराया और खाना भी खिलाया। इसके चलते उन्हें आदिवासियों के रहन-सहन और संस्कृति के बारे में भी करीब से जानने का मौका मिला।
इंदौर प्रेस क्लब की ओर से अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने ओम द्विवेदी का स्वागत किया और सभी मीडिया के साथियों से परिचय करवाया। संचालन और आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष प्रदीप जोशी ने किया। इस मौके पर पर प्रेस क्लब कोषाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, कार्यकारिणी सदस्य विपिन नीमा, प्रवीण बरनाले, वरिष्ठ पत्रकार उमेश रेखे, विनोद श्रीवास्तव, किरण वाईकर, अनिल त्यागी, सुनील जोशी, राजेंद्र कोपरगांवकर, राजीव उपाध्याय, शैलेष पाठक, मुकेश तिवारी, अर्पण जैैन, कमलेश सेन, अर्पण जैन, प्रकाश तिवारी, समाजसेवी अजय शारडा सहित बड़ी संख्या में मीडिया के साथी उपस्थित थे।