इंदौर। समीपस्थ महू की जैन गली में दो सांडों में जमकर लड़ाई हुई। जिसकी लड़ाई का वीडियो भी सामने आ गया है। लोग उनको अलग करने की कोशिश में लाठी, डंडों, पत्थर और पानी की बौछार कर रहे थे। इस लड़ाई में एक सांड गंभीर रूप से घायल हो गया। सांडों की इस लड़ाई में कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। सांडों की लड़ाई देख क्षेत्र में भगदड़ मच गई थी, वहीं कई लोग इनकी चपेट में आने से बच गए। घायल पड़े सांड को लोगों ने उठाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर रूप से घायल सांड उठने की स्थिति में नहीं था। शहर में सांडों की लड़ाई के कारण लोगों का नुकसान होता रहता है। छावनी परिषद के अधिकारियों का इस ओर बिल्कुल भी ध्यान नहीं है। इतना ही नहीं जब छावनी परिषद के अधिकारियों से इस घटना के संबंध में चर्चा करना चाही, तो कई अधिकारियों के फोन बंद थे।
भीषण अग्निकांड की गवाह अस्पताल में भर्ती
इंदौर। 7 मई को हुए भीषण अग्निकांड की एक मात्र गवाह सना शेख को अस्पताल में भर्ती किया गया है।सना की बड़ी बहन ने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि मकान मालिक ने सना के साथ मारपीट की है। उसे नशीला पदार्थ भी खिलाया। इसके बाद उसे गंभीर अवस्था में एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया। सना ने अग्निकांड हादसे के बाद पुलिस को मुख्य आरोपी संजय दीक्षित को पकड़वाने में पुलिस की मदद की थी। सना अग्निकांड के बाद उसी इलाके में रह रही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।