Highlights

इंदौर

22 करोड़ से बन रहे मराठी संकुल का काम अंतिम चरण में

  • 28 Nov 2022

 इंदौर। एमजी रोड पर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में शामिल मराठी संकुल का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। पांच साल पहले इसके नवनिर्माण के लिए निगम ने 22 करोड़ रुपए स्वीकृत किए थे। दो साल कोरोना संक्रमण ने संकुल की रफ्तार को रोक दिया। कई बार इसके पूर्णता होने की समयावधि बीत गई, लेकिन हर बार लोकार्पण को आगे बढ़ाना पड़ गया। यह प्रोजेक्ट शहरवासियों को अगले साल के प्रथम सप्ताह में सौगात के रुप में मिल जाएगा। निगम के समीप मराठी संकुल में स्कूल संचालित होता था। अंग्रेजों के समय इस संकुल की बिल्डिंग का निर्माण होने से यह जर्जर हो चुकी थी। दीवार गिरने के भय के बीच बच्चे यहां पढ़ाई करते थे।
स्कूल अन्यत्र किया मर्ज
सुरक्षा को देखते हुए निगम ने इसे खतरनाक घोषित कर स्कूल को अन्यत्र मर्ज कर दिया और इस भवन को नया स्वरुप देने की योजना बनाई। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के अथक प्रयासों से इसका निर्माण कार्य शुरू हुआ। यहां स्कूल भवन के साथ खेल संकुल, आडिटोरियम की व्यवस्था भी रहेगी।
दुकानों का काम भी तेजी से
मुख्य द्वार के समीप निगम 10 दुकानों का निर्माण करेगा। यह दुकानें उन्हें दी जाएगी, जो पहले से यहां कारोबार करते थे। इसके बाद बची हुई दुकानों के टैंडर बुलाए जाएंगे। दुकानों के कारण यातायात बाधित न हो, इसलिए संकुल के एक हिस्से में पार्किंग रहेगा। इसका उपयोग आसपास के दुकानदार भी मुफ्त में कर सकेंगे।