Highlights

इंदौर

24 घंटे में संशोधित हुआ युवक कांग्रेस का फैसला

  • 09 Nov 2022

इंदौर। युवक कांग्रेस की इंदौर शहर इकाई को लेकर युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया को अपने फैसले में 24 घंटे के अंदर ही बदलाव करना पड़ा। डॉ. भूरिया ने सोमवार को जारी किए आदेश में बदलाव करते हुए मंगलवार को निर्वाचित पदाधिकारियों को बरकरार रखा।
सोमवार को युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. भूरिया ने एक आदेश जारी किया था, जिसमें इंदौर शहर कांग्रेस की कार्यकारिणी को दिए गए कामों के प्रति उदासीन बताया था। इसके साथ ही युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष और कार्यवाहक अध्यक्षों को छोड़कर बाकी के सभी पदाधिकारियों की कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। जिसके बाद से ही युवक कांग्रेस नेताओं में काफी गुस्सा था। युवक कांग्रेस के नेताओं ने इसको लेकर अखिल भारतीय युवक कांग्रेस पदाधिकारियों और मप्र प्रभारी को भी शिकायत की थी। वहीं उन्होंने मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के समक्ष इसको लेकर विरोध करने की तैयारी कर ली थी। निर्वाचित पदाधिकारियों का कहना था कि उन्हें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुना है। उन्हें हटाने का अधिकार केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष को ही है। वहीं विरोध की भनक लगने के बाद ही कांग्रेस के नेताओं ने इस मामले में बीच का रास्ता निकालना शुरू कर दिया था। कांग्रेस नेताओं को डर था कि कमलनाथ के सामने कांग्रेस नेताओं के विरोध से पार्टी की छवि खराब हो सकती है। जिसके चलते कांग्रेस नेताओं के हस्तक्षेप के बाद मंगलवार को युवक कांग्रेस प्रदेश इकाई द्वारा ये सपष्ट किया गया कि सोमवार को जो कार्यकारिणी भंग की गई थी, उसमें केवल उन पदाधिकारियों को हटाया गया है, जिन्हें नियुक्त किया गया था। निर्वाचित पदाधिकारी पद पर बने रहेंगे।