इंदौर। शहर में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन में जुटी 25 गाडिय़ां बगैर फिटनेस के लंबे समय से दौड़ रही है। निगम और क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने कभी इस ओर ध्यान नहीं दिया। सात साल पहले 400 गाडिय़ों से कचरा संग्रहण कार्य शुरू हुआ था। हर गाड़ी बिना रुके और मेंटेनेंस के रोजाना सुबह-शाम इस कार्य में लगी हुई है। यही कारण है कि गाडिय़ों में लगातार खराबी आ रही है। देखरेख के अभाव में कचरा लेने वाले दोनों बॉक्स टूटने लगे हैं। गाड़ी के अन्य भाग में उखड़ रहे हैं। नई गाडिय़ों के लिए वर्कशाप में काम चल रहा है। निजी कंपनियों से भी गाडिय़ां मंगाने के प्रयास चल रहे हैं, ताकि संग्रहण व्यवस्था सुचारू बनी रहे। इधर, आरटीओ बगैर फिटनेस दौड़ रहे लोकसेवा वाहनों की धरपकड़ के लिए मुहिम चला रहा है, लेकिन उसे कचरा संग्रहण गाडिय़ां नजर नहीं आ रही है। सूत्रों ने बताया कि सात साल में एक बार भी कचरा संग्रहण गाडिय़ों के दस्तावेज, नंबरों को लेकर आरटीओ ने कोई मुहिम नहीं चलाई। आरटीओ के सुस्त पड़े रहने से निगम ने भी इस मामले को कभी गंभीरता से नहीं लिया।
इंदौर
25 कचरा संग्रहण गाडिय़ां बगैर फिटनेस दौड़ रही, निगम और आरटीओ की अनदेखी
- 26 Nov 2022