Highlights

इंदौर

31 अगस्त तक नियमित रूप से चलेगा दस्तक अभियान

  • 12 Aug 2022

इंदौर। जिले में दस्तक अभियान 31 अगस्त तक नियमित रूप से जारी रहेगा। अभियान के तहत एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का संयुक्त दल घर-घर जाकर पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर बीमारियों की पहचान कर रहा है। बच्चों का उचित उपचार करवाना भी सुनिश्चित किया जा रहा है। यह बात मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा.बीएस सैत्या ने कही।
उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान के साथ ही सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इसमें छोटे बच्चों में होने वाले दस्त रोग की पहचान, प्रबंधन और उपचार के विषय में लोगों को जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा बच्चों में होने वाले निमोनिया की पहचान कर, प्रबंधन करने और रेफरल के विषय में भी परिवारों को जागरूक किया जा रहा है। दस्तक अभियान में गंभीर कुपोषित बच्चों की सक्रिय पहचान और प्रबंधन की जानकारी लोगों को दी जा रही है। छह माह से पांच वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का डिजिटल हिमोग्लोबिनो मीटर की माध्यम से स्क्रीनिंग की जा रही है।
डा. सैत्या ने बताया कि दस्त की रोकथाम के लिए ओआरएस और जिंक के उपयोग के प्रति सामुदायिक जागरूकता लाई जा रही है। जिन घरों में पांच वर्ष तक के बच्चे हैं वहां ओआरएस पेकेट वितरित किए जा रहे हैं। नौ माह से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को विटामिन ए का घोल पिलाया जा रहा है। बच्चों में जन्मजात विकृतियों की पहचान कर उनमें आवश्यक प्रबंध किया जा रहा है।