Highlights

खेल

35 साल के सौरव घोषाल स्क्वैश के सिंगल्स इवेंट में पदक जीतने वाले पहले भारतीय

  • 04 Aug 2022

बर्मिंघम। स्क्वैश में भारत के दिग्गज खिलाड़ी 35 साल के सौरव घोषाल ने कांस्य पदक जीत लिया है। कांस्य पदक के मैच में उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के गोल्ड मेडलिस्ट और छह बार के वर्ल्ड चैंपियन जेम्स विल्सट्रोप को 3-0 से हराया। पहला गेम सौरव ने 11-6 से अपने नाम किया और दूसरा गेम भी 11-1 से जीत लिया। वहीं, तीसरे गेम में सौरव ने विल्सट्रोप को 11-4 से हरा दिया।
सौरव पिछले 20 सालों से स्क्वैश खेल रहे हैं और अपने चौथे राष्ट्रमंडल खेलों में जाकर सिंगल्स इवेंट में पदक जीत पाए हैं। सौरव ने सबसे पहली बार 2010 राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लिया था। ऐतिहासिक जीत के बाद सौरव भावुक हो गए और रोने लगे।
इस जीत के साथ सौरव ने इतिहास भी रच दिया है। स्क्वैश में महिला और पुरुष दोनों कैटेगरी को मिलाकर सिंगल्स इवेंट में किसी भी राष्ट्रमंडल खेलों में यह भारत का पहला पदक है। सौरव राष्ट्रमंडल खेलों में स्क्वैश सिंगल्स इवेंट में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। इससे पहले भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्क्वैश में पदक जरूर जीता है, लेकिन डबल्स इवेंट में। 

तेजस्विन शंकर राष्ट्रमंडल खेलों में हाई जंप में भारत के लिए पदक जीतने वाले पहले एथलीट
बर्मिंघम। भारत के हाई जंपर तेजस्विन शंकर ने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। उन्होंने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में भारत के पदकों का खाता खोला। तेजस्विन शंकर ने कांस्य के रूप में ट्रैक एंड फील्ड में भारत के लिए पहला पदक जीता। इतना ही नहीं तेजस्विन किसी भी राष्ट्रमंडल खेलों में हाई जंप में भारत के लिए पदक जीतने वाले पहले एथलीट बन गए। पुरुषों के हाई जंप इवेंट के फाइनल में तेजस्विन ने 2.22 मीटर के जंप के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। 



साभार अमर उजाला