पिता के साथ जा रही छह साल की मासूम हुई घायल
इंदौर। शहर में हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। विभिन्न हादसों में चार लोगों की मौत हो अलग-अलग जगह हुए इन हादसों के घायलों को एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया था। एक छोटी बच्ची का भी उपचार चल रहा है। उसके पिता की मौत हो गई और बच्ची घायल है। वहीं एक स्कूटर सवार नाले में जा गिरा, जिसे लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
एमआइजी पुलिस ने बताया कि पाटनीपुरा (जीण माता मंदिर के पास) हुए हादसे में घायल आशीष पिता रामचंद्र निवासी विजय नगर को एमवाय अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया था। जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, मर्ग कायम कर आशीष के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। उधर, किशनगंज थाना क्षेत्र में आने वाले टोल नाके के समीप महू इंदौर रोड पर अंडर ब्रिज के पास अंधे मोड़ पर स्कूटर सवार का स्कूटर असंतुलित हो गया जिसके कारण वह स्कूटर सहित नाले में जा गिरा। तभी यहां से निकल रहे राहगीरों ने युवक की मदद की और उसे नाले में से बाहर निकाला। युवक को नाले से निकालने का लोगों ने वीडियो भी बना लिया। इस घटना में किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल इस मार्ग पर रोजाना दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है क्योंकि यहां की सड़क पूरी तरह से उखड़ चुकी है, जिसके कारण लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। कुछ दिन पहले किशनगंज थाना क्षेत्र के उमरिया में भी नाले पर बाउंड्री वॉल नहीं होने के कारण एक बाइक सवार भी नाले में जा गिरा था। घटना के बाद जिम्मेदार अधिकारियों की आंखें खुली और उन्होंने नाले के पास बाउंड्री वॉल बना दी।
एक अन्य हादसा खड़ैल थाना क्षेत्र में हुआ। यहां बिचौली मर्दाना निवासी महेश (45)अपनी 6 साल की बेटी दीपिका को दो पहिया वाहन पर लेकर कहीं जा रहा था। पुलिस के मुताबिक रास्ते में महेश की गाड़ी को अज्ञात भार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी,जिससे पिता और बेटी घायल हो गए। राह चलते लोगों ने उन्हें देखा तो पुलिस को सूचना दी और दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक महेश की मौत हो चुकी थी। वहीं घायल दीपिका का एमवाय अस्पताल में उपचार चल रहा है। एक अन्य हादसा भी खुड़ैल थाना क्षेत्र के दूधिया में हुआ। यहां दो पहिया वाहन से जा रहे अजय कुमार पटेल निवासी सीधी की दूधिया को अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ही मामलों में खुड़ैल पुलिस ने मर्ग कायम किया है। एक अन्य हादसा राऊ गोल चौराहे के समीप हुआ, जिसमें महेश नामक युवक की मौत हो गई।
इंदौर
4 सड़क हादसे-4 लोगों की मौत
- 22 Nov 2022