Highlights

इंदौर

8 मई को उत्सवी माहौल में मनाया जाएगा लाडली लक्ष्मी उत्सव

  • 06 May 2022

लाडली लक्ष्मी बालिकाओं और उनके अभिभावकों का होगा सम्मान
इंदौर। जिले में आगामी 8 मई को उत्सवी माहौल में लाडली लक्ष्मी उत्सव मनाया जायेगा। इस दिन लाडली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत लाभांवित बालिकाओं और उनके अभिभावकों को आमंत्रित कर सम्मान दिया जायेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से इनसे सीधा संवाद करेंगे। इस आयोजन की व्यापक तैयारियां शुरू हो गई है। कार्यक्रम आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिये आज कलेक्टर श्री मनीष सिंह द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक ली गई।
बैठक में नगर निगम आयुक्त सुश्री प्रतिभा पाल, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती वंदना शर्मा, अपर कलेक्टर अभय बेडेकर सहित जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी आदि मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर मनीष सिंह ने निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा पर आयोजित इस कार्यक्रम में लाडली लक्ष्मी योजना के तहत लाभांवित प्रत्येक बालिका और उनके अभिभावकों को सम्मान के साथ आमंत्रित किया जाये। इनके लिये बैठने, स्वल्पाहार, पेयजल, स्वागत की व्यवस्थाएं की जाएं। बैठक में बताया गया कि उत्सव के अंतर्गत इंदौर शहर में 100 जगहों पर, प्रत्येक नगर परिषद में तथा सभी ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से लाडली लक्ष्मी बालिकाओं और उनके अभिभावकों से रूबरू होंगे। कलेक्टर श्री मनीष सिंह ने आयोजन के रूपरेखा को अंतिम रूप देते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाओं के लिये दायित्व सौंपे। उन्होंने निर्देश दिये कि आयोजन में किसी भी तरह की कमी नहीं रखी जाए। बेहतर से बेहतर आयोजन सुनिश्चित हो। लाडली लक्ष्मी बालिकाओं और उनके परिजनों को निमंत्रण पत्र भेजकर आमंत्रित करें। आयोजन स्थल पर उनका तथा परिजनों का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया जाए। कार्यक्रम के प्रारंभ में कन्या पाद पूजन हो। लाडली लक्ष्मी तथा अन्य लोक गीत की प्रस्तुतियां दी जाए। गांवों में कलश यात्रा भी निकाली जाए।