पटना। बिहार के कई जिलों में छठ महापर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। महापर्व के दौरान सोमवार और मंगलवार को पटना में नौ समेत राज्य में डूबने से 83 लोगों की मौत हो गई। इनमें अधिकतर की जान छठ घाट बनाते समय पैर फिसलने, नहाने या फिर अर्घ्य देते समय गहरे पानी में चले जाने से हुई है। मृतकों में दक्षिण बिहार से 34, कोसी-सीमांचल, पूर्वी बिहार के 30 और उत्तर बिहार के 19 लोग शामिल हैं।
पटना जिले में गंगा स्नान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर 15 लोग डूब गए जिनमें नौ की मौत हो गई। मोकामा में तीन, बाढ़ -बिहटा और खगौल में दो-दो की जान गई है। वहीं, मनेर में डूबे दो और अथमलगोला में एक युवक की तलाश जारी है। बाढ़ में तीन, खगौल में एक और गोपालपुर स्थित तालाब में डूबे युवक को बाहर निकाल एक घंटे सीपीआर देकर बचा लिया गया।
वैशाली जिले के राघोपुर और महुआ में छठ घाट बनाने के बाद नहाने के दौरान डूबने से दो किशोर, महनार में एक छठव्रती, गोपालगंज जिले के भोरे थाने दुबे जिगना गांव में दो, औरंगाबाद दो, भोजपुर एक, बेगूसराय एक, नावानगर एक, रोहतास एक की मौत हो गई। छपरा में भी डूबने से एक की मौत हो गई।
पटना से सटे मोकामा में मरांची के बादपुर स्थित गंगा घाट पर मंगलवार सुबह करीब 6:30 गंगा स्नान के दौरान डूबने से रॉकी पासवान (21) की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही रॉकी की बहन सपना ने भी सदमे में दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार से कोहराम मच गया।
बादपुर निवासी चूहा पासवान के पुत्र रॉकी गंगा में स्नान कर रहा था। तभी वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। स्थानीय गोताखोर और एसडीआरएफ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रॉकी पासवान का शव बरामद कर लिया। इस घटना की जानकारी जैसे ही सपना कुमारी को हुई। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने तत्काल उसे मरांची स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। रॉकी पासवान ने हाल ही में होमगार्ड का फिजिकल टेस्ट निकाला था और परिवार में खुशी का माहौल था।
साभार लाइव हिन्दुस्तान
देश / विदेश
छठ पर्व पर पटना में 9 समेत बिहार में 83 लोगों की मौत, मातम में बदली खुशियां
- 29 Oct 2025



