आग में खाक हो गए दो आयशर वाहन
इंदौर। लसूडिय़ा थाना क्षेत्र में दो आयशर वाहनों में भीषण आग लग गई। इस आग में दोनों वाहन जल गए। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने दस हजार लीटर पानी का उपयोग कर आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड के अनुसार कल रात करीब डेढ़ बजे सूचना मिली थी कि लसूडिय़ा थाना क्षेत्र के देवास नाका इलाके में स्थित कटारिया काम्प्लेक्स में आग लगी है। यहां पर दो दो आयशर वाहनों में आग लगी थी। आते ही दमकलकर्मियों ने आग बुझाना शुरू किया और लगभग दस हजार लीटर पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग में राजेश पिता किशनलाल का वाहन एमपी 09 जीजी 6634 और उसके भाई पंकज का आयशर वाहन एमपी 09 जीजी 5052 जल गए। दोनों वाहनों में किन कारणों से आग लगी थी इसका खुलासा नहीं हो सका है।
दो महिलाओं से छेड़छाड़
इंदौर। अलग-अलग स्थानों पर दो महिलाओं के साथ मनचलों ने छेड़छाड़ की। दोनों मामलों में पुलिस ने महिलाओंं की शिकायत पर केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार पहला मामला महू थाने का है। पीडि़ता ने शिकायत में बताया कि 26 अप्रैल को बलरात उर्फ बल्लू उसका पीछा कर बात करने का दबाव बना रहा था। पीडि़ता ने जब विरोध किया तो आरोपी ने बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने लगा। वहीं जान से मारने की धमकी दी। इसी तरह हीरा नगर थाने पर महिला ने शिकायत में बताया कि आरोपी मनीष वर्मा उस पर बुरी नजर रखता है। 24 अप्रैल को वह निजी काम से शाम को जा रही थी। तभी घर से थोड़ी दूरी आरोपी ने उसे रोका और बुरी नीयत से हाथ पकड लिया व विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी । मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।
आटो चालक से मारपीट
इंदौर। व्यंकटेश विहार कालोनी में रहने वाले आटो चालक राहुल जायसवाल ने कुछ लोगों से पैसे उधार ले रखे हैं। वह उधारी नहीं चुका पा रहा है। राहुल जब आटो लेकर बाणगंगा ब्रिज के पास से गुजर रहा था उसी दौरान गजेंद्र उर्फ गज्जू पिता शंकर,राहुल पिता राधेश्याम,मोहित पिता सत्यनारायण और रोहित पिता सत्यनारायण ने उसे रोका। इन लोगों ने उधारी के पैसे लेकर राहुल के साथ जमकर मारपीट की और धमकी दी कि यदि जल्दी ही उधारी नहीं चुकाई तो निपटा देंगे। पीडि़त ने बाणगंगा थाने में शिकायत दर्ज करवाई। उसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सूने मकानों में घुसे चोर
इंदौर। कनाडिय़ा थाना क्षेत्र में चोरों ने वारदात को अंजाम देते हुए हजारों रुपए का माल चुरा लिया। वहीं एक अन्य स्थान पर भी इसी तरह वारदात की।
कनाडिय़ा पुलिस ने बताया कि विलास मांडवे मानवता नगर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। फरियादी ने बताया कि 25 अप्रैल को वह परिवार के साथ बाहर गया था। वहां से लौटा तो चोरी की घटना का पता लगा। बदमाश सूने मकान से सोने- चांदी के जेवरात सहित 24 हजार का माल ले भागे।
इसी प्रकार भंवरकुआं पुलिस ने संतोष पिता शंकरलाल सोलंकी निवासी खंडवा नाका की शिकायत पर तीन पड़ोसियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फरियादी के अनुसार 26 अप्रैल को उनकी मां सावित्री बाई सड़क दुर्घटना में घायल हो गई थी। गंभीर चोट के कारण हॉस्पिटल में उनका ऑपरेशन चल रहा था। इसकी जानकारी जैसे ही तीन मकान छोड़कर रह रहे बदमाशों को लगी तो उन्होंने घायल के सूने मकान को निशाना बनाया और करीब ढाई लाख का माल ले उड़े। ममले में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकाले तो बदमाश कैमरों में कैद दिखे। उ?त फुटेज फरियादी को बताया तो उन्होंने पहचानते हुए बताया कि यह तो उनके पड़ोसी हैं। मामले में पुलिस ने आरोपियों को पकड़ते हुए चोरी के सामान जब्त किए।



