गुवाहाटी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 में सूर्यकुमार ने अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए लगातार तीसरा और टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का नौवां अर्धशतक जड़ा। इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी टी20 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 में अर्धशतक जड़ा था।
सूर्यकुमार ने 24 रन बनाते ही टी20 अंतरराष्ट्रीय में 1000 रन भी पूरे कर लिए। सूर्यकुमार ने 32 मैचों की 31 पारियों में हजार रन पूरे किए। वह भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम पारियों में हजार रन बनाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। विराट कोहली ने 27 पारियों में और केएल राहुल ने 29 पारियों में हजार रन पूरे किए थे।
सूर्यकुमार हजार रन पूरे करने के साथ ही कोहली, रोहित, महेंद्र सिंह धोनी, युवराज सिंह, शिखर धवन और सुरेश रैना के क्लब में शामिल हो गए। साथ ही सूर्यकुमार टी20 अंतरराष्ट्रीय में गेंद के मामले में सबसे तेज हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए। सूर्यकुमार ने कुल 573 गेंद खेलकर 174 के स्ट्राइक रेट से हजार रन पूरे किए हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर ग्लेन मैक्सवेल हैं। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय में हजार रन पूरे करने के लिए कुल 604 गेंदें खेली थीं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 166 का रहा था। तीसरे नंबर पर 635 गेंद के साथ न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो हैं।
सूर्यकुमार ने 18 गेंदों में टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का नौवां अर्धशतक जड़ा। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले संयुक्त रूप से दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की ओर से सबसे कम गेंदों में अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह के नाम है। युवराज ने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ डरबन में 12 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। इसके बाद केएल राहुल ने 2021 में स्कॉटलैंड के खिलाफ दुबई में 18 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी। सूर्यकुमार ने इसकी बराबरी की।
अमर उजाला
खेल
T20I में सूर्यकुमार के नाम सबसे तेज हजार रन

- 03 Oct 2022