Highlights

देश / विदेश

सरदार वल्लभभाई पटेल की आज 150वीं जयंती, कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद रहे

  • 31 Oct 2025

नई दिल्ली। सरदार वल्लभभाई पटेल की आज 150वीं जयंती है। आज गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गणतंत्र दिवस की तर्ज पर आयोजित हुआ, जिसमें सैन्य परेड, सांस्कृतिक परेड, राज्यों की झांकियां निकाली गईं। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद रहे। 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'सरदार पटेल मानते थे कि इतिहास लिखने में समय नहीं गंवाना चाहिए, हमें तो इतिहास बनाने के लिए मेहनत करनी चाहिए। उनकी ये भावना हमें उनकी जीवनगाथा में दिखाई देती है। सरदार साहब ने जो नीतियां बनाई, जो निर्णय लिए, उन्होंने नया इतिहास रचा। आजादी के बाद 550 से ज्यादा रियासतों को साथ जोड़ने के असंभव कार्य को उन्होंने संभव करके दिखा दिया। एक भारत-श्रेष्ठ भारत का विचार उनके लिए सर्वोपरि था।'
पीएम मोदी ने कहा कि 'सरदार साहब चाहते थे कि जैसे उन्होंने बाकी रियासतों का विलय किया, वैसे ही ओर कश्मीर का विलय हो, लेकिन, पंडित नेहरू ने उनकी वो इच्छा पूरी नहीं होने दी। कश्मीर को अलग संविधान और अलग निशान से बांट दिया गया। कश्मीर पर कांग्रेस ने जो गलती की थी, उसकी आग में देश दशकों तक जलता रहा।'
राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, 'सरदार पटेल अमर रहें, आज हम सब एक महान क्षण के साक्षी बन रहे हैं। देशभर में हो रही एकता दौड़ कोटि-कोटि भारतीयों का उत्साह बढ़ा रही है। हम नए भारत की संकल्प शक्ति को साक्षात महसूस कर रहे हैं। हर ऐसी बात जो देश की एकता को कमजोर करती है। हर देशवासी को उससे दूर रहना है। ये राष्ट्रीय कर्तव्य है, ये सरदार साहब को सच्ची श्रद्धांजलि है। यही आज देश की जरूरत है। यही आज एकता दिवस का हर भारतीय के लिए संदेश भी है, संकल्प भी है।'
केवड़िया के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड के दौरान भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम (SKAT) ने आसमान को तिरंगे के रंग में रंग दिया।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, 'सरदार वल्लभभाई पटेल (स्वतंत्रता संग्राम के दौरान) सभी आंदोलनों की रीढ़ थे और उन्होंने उनकी सफलता सुनिश्चित की। उनके सभी कदम आज भी प्रासंगिक हैं।'
साभार अमर उजाला