इंदौर। श्री अग्रवाल समाज पूर्वी क्षेत्र के तत्वावधान में इस वर्ष भी महाराजा अग्रसेन की 5146वीं जयंती की पूर्व संध्या पर रविवार 25 सितम्बर को सायं 6 बजे से नंदानगर स्थित सांईनाथ मंदिर से मालवा मिल अनाज मंडी स्थित अग्रसेन धाम तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस मौके पर महाराजा अग्रसेन एवं कुलदेवी महालक्ष्मी की 1008 दीपों से महाआरती भी होगी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
संगठन के प्रमुख परामर्शदाता पीडी अग्रवाल कांट्रेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उक्त कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। संयोजक गणेश गोयल, अजय गोयल एवं सह संयोजक गोविंद गर्ग भमोरी एवं नरेश मित्तल ने बताया कि पूर्वी क्षेत्र में वर्ष 2007 से अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष कलश यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 60 कालोनियों के 50 से अधिक संगठनों की भागीदारी होती है। नंदानगर सांई मंदिर से निकलने वाली इस भव्य कलश यात्रा में बैंड-बाजों, भजन एवं गरबा मंडलियों तथा झांकियों सहित अनेक आकर्षण होंगे। अश्वारोही 18 बालक, फेंसी ड्रेस में शामिल बच्चों का समूह और 501 मंगल कलशधारी महिलाएं तथा विभिन्न देवी-देवताओं के रूप में कलाकार भी इस यात्रा में शामिल रहेंगे। यात्रा मार्ग में अनेक स्वागत मंचों से पुष्पवर्षा होगी।
इंदौर
अग्रसेन जयंती की पूर्व संध्या अग्रवाल समाज की निकलेगी कलश यात्रा
- 12 Sep 2022



