Highlights

इंदौर

अगस्त से रात को आएगी दुबई उड़ान, अभी यह उड़ान शाम 7.35 बजे दुबई से इंदौर एयरपोर्ट आती है

  • 27 Jun 2022

इंदौर। मध्य प्रदेश की एकमात्र अंतरराष्ट्रीय दुबई की उड़ान का समय अगले महीने से बदल जाएगा। अब यह उड़ान रात को इंदौर आएगी। एयर इंडिया ने इसके समय को रीशेडयूल कर दिया है। एयर इंडिया ने कुछ समय पहले ही दुबई से आने वाली उड़ान का समय बदलने के लिए इंदौर एयरपोर्ट प्रबंधन से चर्चा की थी, अब इसे अनुमति मिल गई है।
प्रबंधन ने बताया कि एयर इंडिया की दुबई उड़ान हर सोमवार को इंदौर से दुबई जाती है और हर शनिवार दुबई से इंदौर आती है। अभी यह उड़ान शाम 7.35 बजे दुबई से इंदौर एयरपोर्ट आती है। यहां पर यात्रियों को छोडऩे के बाद विमान दिल्ली चला जाता है। लेकिन कंपनी अब इसे रात को संचालित करना चाहती है। अभी इंदौर एयरपोर्ट पर रनवे के टर्नपेड को चौड़ा करने के काम के चलते रनवे पर रात 11 बजे से सुबह 6 बजे के बीच उड़ानों का संचालन बंद रहता है। इसके कारण कंपनी को इसकी अनुमति नहीं दी गई और बताया गया कि 31 जुलाई तक यह काम पूरा होगा। इसके बाद कंपनी देर रात उड़ान को आपरेट करेगी। कंपनी ने इसकी बुकिंग भी नए समय पर शुरू कर दी है।
शाम 7.35 के बजाय रात 11.45 बजे आएगी प्लाइट
दुबई- इंदौर उड़ान हर शनिवार को दुबई के स्थानीय समयानुसार दोपहर 2.50 बजे (भारतीय समयानुसार शाम 4.20 बजे) दुबई से रवाना होती है और तीन घंटे 20 मिनट में सफर पूरा कर शाम 7.35 बजे इंदौर आती है। वहीं अगस्त से यह फ्लाइट दुबई के समयानुसार शाम 6.55 बजे (भारतीय समयानुसार रात 8.25 बजे) दुबई से रवाना होकर रात 11.45 बजे इंदौर आएगी। इसके बाद यह विमान रात एक बजे दिल्ली रवाना होगा। इससे दुबई से आने वाले यात्रियों को आखिरी दिन वहां चार घंटे ज्यादा मिल सकेंगे। वहीं इंदौर से देर रात दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी एक अतिरिक्त उड़ान मिल जाएगी