इंदौर। एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज मध्यप्रदेश के अध्यक्ष श्री प्रमोद डफरिया ने बताया कि सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर ए से लगे टिगरीया बादशाह औद्योगिक क्षेत्र के लगभग 60 उद्योग शासकीय अतिक्रमण की कार्यवाही से परेशान हो रहे है। आपने बताया यह उद्योग जिसका खसरा क्रमांक 337/3, 337/4 एवं 339 है पर अपने लघु उद्योग तकरीबन 40 वर्षों से संचालित कर रहे हैं तथा डायवर्शन व टीएनसी की कुछ उद्योगों द्वारा कराया गया है। इसके साथ ही हजारों श्रमिकों को जीविका उपलब्ध करा रहे जिससे उनके परिवारों का पालन पोषण हो रहा है। इस संबंध में आज एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री प्रमोद डफरिया के नेतृत्व में क्षेत्र के 20 से अधिक उद्योगो के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम श्री मुनीषसिंह सिकरवार से कलेक्टर कार्यालय में भेट व चर्चा कर उद्योगों को राहत प्रदान करने का निवेदन किया।
श्री प्रमोद उफरिया ने एसडीएम से कहा कि सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र में बहुत सारे अवैध अतिक्रमण झोपडीया, चायपान के ठेले आदि के रूप में विद्यमान है जहां कई प्रकार के अनैतिक कार्य होते है लेकिन बार बार निवेदन करने पर भी प्रशासन इन पर ध्यान नहीं दे रहा है और रोजगार प्रदाता 60 उद्योगों को अतिक्रमण के नाम हटाये जाने के निर्देश दे रहा है। संक्षिप्त जानकारी अनुसार वर्ष 2019 माह के दिसंबर में यहां स्थित सभी उद्योगों को कलेक्टर कार्यालय से एक सूचना पत्र देते हुए यह बताया गया कि उक्त भूमि पर एक शासकीय नाला है जिसका खसरा नं 338 है तथा नाले पर अतिक्रमण कर उद्योगों का संचालन हो रहा है इसे त्वरित खाली कराया जावे। उद्योगों द्वारा श्रीमान कलेक्टर महोदय व तहसीलदार के समक्ष दस्तावेज प्रस्तुत कर उक्त स्थल पर नाला नही होने की जानकारी देते हुए 40 वर्षो से नाला एक भाग पर होने व यथावत बहने की जानकारी दी तत्पश्चात इस प्रकरण में कोई कार्यवाही नही हुई। श्री प्रमोद डफरिया ने कहा कि वर्तमान में अचानक पुन: यहां के उद्योगों को सूचना पत्र दिये गये तथा उक्त स्थान पर अतिक्रमण कर उद्योग संचालित होने के कारण स्थान अनिवार्य रूप से खाली कराने के निर्देश यहां के सभी उद्योगों को दिये गये इससे उद्योग भारी परेशानी में आ गये है तथा एक साथ 60 उद्योग बंद होने से व्यवयाय पूर्णत: खत्म हो जायेगा इससे आर्थिक, मानसिक व रोजगार का बहुत बड़ा नुकसान होगा। एक और प्रदेश सरकार एमएसएमई सेक्टर को बढावा दे रही है तो दूसरी ओर इस प्रकार की कार्यवाही से उद्योगों का भविष्य अंधकारमय दिखाई दे रहा है।
इंदौर
अतिक्रमण की कार्रवाई से 60 उद्योग परेशान
- 15 Sep 2022



