इंदौर। शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा को लेकर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने गाइडलाइन बनाई है। इसमें संस्थानों को विशेष तौर पर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। अब देवी अहिल्या विश्वविद्यालय ने अपने परिसर में सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्था में बदलाव किया है। गर्ल्स हास्टल में महिला सुरक्षा गार्ड तैनात की जाएंगी। रात में पुरुष सुरक्षाकर्मियों को परिसर के बाहर पहरेदारी करनी होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने एजेंसी को निर्देश दे दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, बीते दिनों चंडीगढ़ में निजी संस्थान के छात्रावास में छात्राओं का आपत्तिजनक वीडियो बनाने की घटना सामने आई थी। उसे देखते हुए यूजीसी ने संस्थानों में महिला सुरक्षाकर्मियों को तैनात करने पर जोर दिया है।
15 नवंबर से विश्वविद्यालय में यूजी-पीजी कोर्स की फर्स्ट सेमेस्टर की कक्षाएं लगेंगी। विश्वविद्यालय के हास्टलों में छात्र-छात्राएं आएंगे। रैगिंग-विवाद रोकने और छेड़छाड़ की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए कुलपति डा. रेणु जैन ने हास्टल की व्यवस्था बदलने के लिए कहा है। हर हास्टल में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। बायज हास्टल में गार्ड भी बदलेंगे। परिसर में रात 8 बजे बाद किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बाहरी विद्यार्थी परिसर में नहीं आ सकेंगे। कुलपति डा. रेणु जैन का कहना है कि हास्टल में अगले सप्ताह से नई व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी। इस संबंध में एजेंसी को निर्देश दिए हैं।
नौ हास्टल, 2300 विद्यार्थी
विश्वविद्यालय के चार गर्ल्स और पांच बायज हास्टल की क्षमता 2300 विद्यार्थियों की है। यहां 1500 विद्यार्थी रहने भी आ चुके हैं। फर्स्ट ईयर में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। 15 नवंबर तक हास्टल भर जाने की उम्मीद है। चार गर्ल्स हास्टल में सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम अगले सप्ताह से शुरू होगा। सुबह महिला सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगी। वहीं रात में पुरुष गार्ड ड्यूटी मौजूद रहेंगे।
इंदौर
अब डीएवीवी के गर्ल्स हास्टल में महिला सुरक्षाकर्मी की होगी तैनाती
- 29 Oct 2022