वॉशिंगटन। अमेरिका के रोड आइलैंड राज्य में एक हॉकी एरीना में हुई गोलीबारी ने इलाके में दहशत का माहौल बन गया। इस गोलीबारी में संदिग्ध हमलावर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। सीएनएन के मुताबिक, मरने वालों में एक युवती भी शामिल है। कानून प्रवर्तन अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि हमलावर ने घटना के बाद खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच के आधार पर कहा है कि हमलावर संभवतः अपने ही परिवार के सदस्यों को निशाना बना रहा था। यह घटना पॉटकेट स्थित डेनिस एम. लिंच एरीना में हुई, जहां उस समय दो स्कूल छात्र टीमों के बीच हॉकी मैच चल रहा था। पॉटकट पुलिस प्रमुख ने बताया कि तीन अन्य पीड़ित गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
रोड आइलैंड के गवर्नर डैन मैकी ने कहा कि राज्य प्रशासन हालात पर नजर बनाए रखे हुए है। उन्होंने पॉटकेट के मेयर ग्रेबियन और राज्य पुलिस अधिकारियों से बातचीत की है। गवर्नर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि राज्य पुलिस स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है और वे इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
इस घटना से कुछ महीने पहले, रोड आइलैंड के पास ब्राउन यूनिवर्सिटी में भी गोलीबारी हुई थी। दिसंबर में प्रोविडेंस स्थित बारस और होले इंजीनियरिंग भवन में एक व्यक्ति ने गोली चलाई थी, जिसमें दो छात्रों की मौत हो गई थी और नौ अन्य घायल हुए थे।
साभार अमर उजाला
देश / विदेश
अमेरिका में खेल के मैदान पर खूनी खेल: हॉकी एरीना में गोलीबारी, हमलावर समेत 3 की मौत
- 17 Feb 2026



