इंदौर। गुरुवार रात से शहर में हल्की बारिश का दौर जारी हुआ जो शुक्रवार सुबह तक चलता रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आज दिनभर हल्की वर्षा का दौर इसी तरह ही जारी रहेगा। गौरतलब है कि गुरुवार को सुबह से छाए रहे बादलों के कारण दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली।
गुरुवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 27.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 19.8 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में चली उत्तर पश्चिमी हवाओं के शाम के समय हल्की ठंडक का भी अहसास हुआ।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम विज्ञानियों के मुताबिक ग्वालियर पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब चक्रवाती घेरे में तब्दील होकर कमजोर हो गया है। इसके असर से इंदौर में गुरुवार को बादल छाए रहे और शुक्रवार को भी ऐसी ही स्थिति रहेगी। शुक्रवार को शहर में हल्की बूंदाबांदी होने की भी संभावना है। अगले सप्ताह बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण इंदौर में वर्षा की गतिविधियों पुन: दिखाई देगी। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इस वर्ष मानसून की विदाई अपने निर्धारित समय पर ही होगी। सितंबर माह में अब तक इंदौर में 310.5 मिमी वर्षा हो चुकी है। वहीं मानसून के चार माह में इंदौर में अब तक 1218.7 मिमी वर्षा हुई है।
इंदौर
अलसुबह से वर्षा का दौर जारी दिन भर जारी रहेगी हल्की बारिश
- 23 Sep 2022