Highlights

इंदौर

अवैध निर्माण के बाद जर्जर मकानों पर चली कार्रवाई

  • 23 Sep 2022

इंदौर। नगर निगम द्वारा इन दिनों पशु और सूअर पालकों के बाड़े तोडने के साथ-साथ खतरनाक मकानों को तोडने की कार्रवाई भी लगातार की जा रही है। जहां बुधवार को कल 3 से 4 स्थानों पर बाड़े तोडनेें की कार्रवाई की गई वहीं गुरुवार सुबह निगम का रिमूवल अमला रामगंज जिंसी में शर्मा परिवार के यहां पहुंचा। वहां खतरनाक मकान को ढहाने से पहले रिमूवल विभाग का अमला मकान से सामान खाली करने में जुटा। पूरा मकान जर्जर हो रहा है और बरसों पुराना होने के चलते उसमें काफी सामान रखा हुआ था। सारा सामान हटाने के बाद निगम ने जेसीबी से मकान को ढहाना शुरू कर दिया। संबंधितों को मकान तोड़े जाने के लिए पूर्व में ही नोटिस दे दिया गया था।
बताया जा रहा है कि निगम द्वारा बनाई गई सूची में उक्त मकान का भी उल्लेख था। निगम अधिकारियों के मुताबिक मकान काफी जर्जर हो चुका था और पुराने पेटर्न पर बना हुआ था। डेढ़ से दो घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान आसपास के लोगों को हटाकर अभियान पूरा किया गया। अफसरों का कहना है कि शहर में खतरनाक मकानों को ढहाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अनंत चतुर्दशी चल समारोह के दौरान खतरनाक मकानों को तोडनें की कार्रवाई शुरू की गई थी।  हर साल निगम सभी झोनलों से बारिश के पूर्व सभी खतरनाक  मकानों की सूची सर्वे करवाकर मंगवाता है और उस आधार पर जनकार्य विभाग के अफसर रिमूवल अमला साथ लेकर खतरनाक मकानों को तोडने की कार्रवाई करते है। अभी भी 90 से ज्यादा खतरनाक मकान सभी 19 झोनल कार्यालय के अंतर्गत हैं। इन्हें तोडने की कार्रवाई का अभियान जारी है और आने वाले दिनों में जवाहर मार्ग से लेकर अन्य क्षेत्रों में भी खरतनाक मकान ढहाए जाएंगे।