Highlights

इंदौर

अवैध रूप से कर रहे थे गैस रिफिलिंग

  • 22 Jun 2022

पुलिस ने दी दबिश, 43 गैस टंकियों के साथ दो पकड़ाए
इंदौर। चंदन नगर पुलिस ने अवैध रूप से रखे हुए 43 गैस सिलेंडर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्त में लिया है। पकड़ाए आरोपियों से पुलिस कड़ी पूछताछ कर रही है। आरोपी घरेलू गैस सिलेंडर से गैस निकालकर कमर्शियल सिलेंडरों में अवैध रूप से रिफिलिंग कर बेचते थे।
थाना प्रभारी चंदन नगर निरीक्षक अभय नेमा एवं उनकी टीम द्वारा अवैध रुप से गैस सिलेंडर का भंडारण एवं व्यापार करने वाले दो आरोपी को अवैध 43 गैस सिलेंडरों के साथ पकडऩे में सफलता मिली है। थाना चंदन नगर पर मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि गीता नगर चंदन नगर में दो व्यक्तियों द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध व्यापार किया जा रहा है।  मुखबिर की सूचना पर विश्वास कर थाना प्रभारी चंदन नगर अभय नेमा द्वारा तत्काल टीम गठित कर रवाना की गई जो मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचे जहां पर एक घर में से गैस की दुर्गंध आई तो अंदर जाकर देखा तो दो व्यक्ति मौजूद थे जिनके द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों से कमर्शियल गैस सिलेंडरों को भरा जा रहा था जिनसे मौके पर लाइसेंस एवं अनुमति पूछते नहीं होना बताया गया। उसके बाद मय कुल 43 सिलेंडर, 8 नोजल, एक इलेक्टोनिक तौलकांटा सहित दोनों आरोपियों को लेकर विधिवत थाना आये। थाने पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 285 भादवि एवं 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को पकड़ा गया है जिनके विरुद्ध उचित वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।