Highlights

इंदौर

अव्यवस्था उजागर होने पर प्रशासन की सख्ती, मंडी तीन कर्मचारी निलंबित, नौ सुरक्षाकर्मी हटाए

  • 01 Nov 2022

इंदौर। चोइथराम सब्जी मंडी में अव्यवस्था उजागर होने के बाद मंडी प्रशासन ने कड़ा निर्णय लेते हुए तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। इनमें प्रभारी धर्मेंद्र सिंह तोमर सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। साथ ही मंडी की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर नौ सुरक्षाकर्मी भी हटा दिए गए हैं।
अपर कलेक्टर और मंडी के भारसाधक अधिकारी राजेश राठौर ने सोमवार को चोइथराम मंडी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि ड्यूटी पर तैनात किए गए छह सुरक्षाकर्मी गैरहाजिर हैं। चार्ट के हिसाब से सुरक्षा एजेंसी के इन कर्मचारियों को ड्यूटी पर होना था, लेकिन वे नदारद मिले। इसी तरह शनिवार सुबह मंडी में चोरी के आरोप में दो नाबालिग बच्चों को गाड़ी से बांधकर घसीटने के दौरान भी ड्यूटी पर तैना सुरक्षाकर्मियों ने ध्यान नहीं दिया, वरना इस घटना को टाला जा सकता था। अपर कलेक्टर ने पाया कि मंडी के सांची दूध पार्लर पर भी दूध उत्पादों की जगह सिगरेट, तंबाकू, बीड़ी और पान मसाला बिक रहा था। सांची के दूध उत्पाद बेचने के नाम पर लिए गए इस पार्लर में इस तरह नशे की सामग्री बेची जा रही थी, जो शर्तों का उल्लंघन है। इस पार्लर का आवंटन भी निरस्त किया जाएगा।