Highlights

इंदौर

अहमदाबाद से इंदौर आने वाली उड़ान डेढ़ घंटे देरी से आई

  • 23 Jul 2022

इंदौर। एयरपोर्ट पर उड़ानों के देरी से आने जाने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह अहमदाबाद से आने वाली उड़ान अपने तय समय से डेढ़ घंटे देरी तक आई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार इंडिगो की उडान सिक्स ई 7173 रोजाना सुबह 5.45 बजे अहमदाबाद से निकल कर सुबह 7.10 बजे इंदौर आती है। यहां से उड़ान 7.55 पर दौबारा उड़ान भर कर 9.05 पर वापस अहमदाबाद पहुंच जाती है। लेकिन गुरुवार को इसका शेड्यूल गड़बड़ हो गया और यह अहमदाबाद से ही देरी से रवाना हुई। प्रबंधन ने बताया कि अहमदाबाद से यह उड़ान सुबह साढ़े सात बजे रवाना हुई। यह करीब एक घंटे 45 मिनट देरी से चली। इस कारण इसे इंदौर आने में भी समय लगा। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने एयरलाइंस से पूछा तो स्थानीय अधिकारी कुछ संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। जिन यात्रियों की अहमदाबाद से आगे की उड़ान थी। उन्हें सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
ट्रेवल एजेंटों ने बताया कि यात्री सुबह की उडान इसलिए लेना पंसद करते है कि इससे दिन भर का समय मिल जाता है। दिनभर के सारे काम समय पर हो सकते है। सुबह की उड़ान के लिए तड़के उठ कर तक एयरपोर्ट पहुंचना होता है। लेकिन इस तरह से उड़ानें लेट होती है तो आगे के सारे शेड्यूल गड़बड हो जाते है। जिन लोगों की आगे की उड़ान होंगी सबसे अधिक उन्हें परेशानी उठाना होती है। गौरतलब है कि देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट प्रदेश का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है। यहां से देश के 22 शहरों के लिए सीधी उड़ान मौजूद है। इसके अलावा देश के प्रमुख शहरों दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू, अहमदाबाद आदि के लिए तो यहां से हर दिन कई उड़ानों के विकल्प यात्रियों के पास मौजूद होते है।