भाजपा की श्यामू या रीना में से किसी एक का बनना तय
इंदैर। इंदौर, सांवेर, देपालपुर और महू चारों जनपद में कब्जा करने के बाद भाजपा काफी उत्साहित है। इसी कड़ी में अब शुक्रवार 29 जुलाई को जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का निर्वाचन होना है। इसमें भी भाजपा शुरू से ही काफी मजबूत है। जिला पंचायत के 17 वार्डों में से 12 वार्डों में भाजपा समर्थित सदस्य हैं। इस बार यह सीट एससी महिला के लिए आरक्षित है। 17 वार्डों में से 2 एससी महिला के हैं और दोनों पर ही भाजपा समर्थित सदस्य हैं। ऐसे में इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा की ही बनना तय है। इनमें संभावित नामों में श्यामूबाई परमार और रीना मालवीय है।
गांव की सरकार में इस बार भाजपा का परचम लहरा रहा है। भाजपा को सबसे ज्यादा मशक्कत इंदौर जनपद में करना पड़ी, लेकिन आखिरकार अध्यक्ष उसी का चुना गया। जबकि उपाध्यक्ष पद कांग्रेस के खाते में गया। सांवेर, देपालपुर और महू में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा समर्थित ही काबिज हैं। इधर, जिला पंचायत के वार्ड 1 पर भाजपा समर्थित श्यामूबाई पति भगवानसिंह परमार और वार्ड 12 में कांग्रेस समर्थित रीना सतीश मालवीय हैं। दोनों एससी महिला कोटे से हैं। पार्टी के लिहाज से दोनों को ही वरिष्ठ नेताओं का समर्थन है। श्यामू परमार को पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन का समर्थन है। जबकि रीना मालवीय को मंत्री तुलसी सिलावट व जिला अध्यक्ष डॉ. राजेश सोनकर का समर्थन हासिल है। दोनों ही नामों को लेकर कोई विवाद भी नहीं है।
दूसरी ओर कांग्रेस के पास 17 में से 5 वार्डों पर ही समर्थित सदस्य हैं। इसमें वार्ड 11 (अजा मुक्त) पर कांग्रेस समर्थित ममता चौबिसिया है। लेकिन कांग्रेस के पास बहुमत नहीं है। ऐसी स्थिति में संभव है कि इस बार कांग्रेस जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर अपना प्रत्याशी ही खड़ा नहीं करे। ऐसे में भाजपा की ही अध्यक्ष निर्विरोध चुनी जाएगी। उपाध्यक्ष पद के लिए दोनों पार्टियों में अभी मंथन ही चल रहा है। बहरहाल, शुक्रवार को जिला पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन होगा। कलेक्टर मनीष सिंह ने इसके लिए अपर कलेक्टर राजेश राठौर और जिला पंचायत की एसीईओ मधुलिका शुक्ला को सहायक पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया है।
इंदौर
आज घोषित होगी जिला पंचायत अध्यक्ष
- 29 Jul 2022