Highlights

इंदौर

आपातकाल में 21 माह तक जेलों में बंद रहे लोकतंत्र सेनानियों का मिलन समारोह

  • 15 Nov 2022

इंदौर। इंदौर संभाग के अनेक राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े उन नेताओं और कार्यकतार्ओं का दीपावली मिलन समारोह अन्नपूर्णा रोड स्थित सिंधु भवन पर पूर्व सांसद मेघराज जैन एवं लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेशाध्यक्ष तपन भौमिक के आतिथ्य में संपन्न हुआ, जो आपातकाल के दौरान 1975 में 21 माह तक बिना किसी अपराध के मीसा जैसे कानून के तहत जेलों में बंद रहे हैं।
लोकतंत्र सेनानी संघ के जिलाध्यक्ष गिरीश शर्मा आदित्य ने बताया कि इस सम्मेलन में संघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष संतोष शर्मा ने भी अपने मोबाइल फोन से सेनानियों को संबोधित किया और सफल आयोजन के लिए बधाईयां दी। संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भारत चतुवेर्दी, सुरेश विनोदे, राजेश्वर अग्निहोत्री ने भी उपस्थित होकर सेनानियों को संबोधित किया। मुख्य अतिथि मेघराज जैन ने कहा कि लोकतंत्र के आप जैसे सेनानी नींव के पत्थर हैं। प्रदेश सरकार आपके हित में काम करने के लिए वचनबद्ध है। प्रदेशाध्यक्ष तपन भौमिक ने सेनानियों की समस्याओं का निराकरण करने का वादा किया और कहा कि सेनानियों के परिवारजनों को लोकतंत्र प्रहरी के रूप में मान्यता दी जाएगी। सेनानियों के संघर्ष और इतिहास की गाथा लिखने वाले नरेन्द्र अग्रवाल ने भी अपने लेखन कार्य का विवरण प्रस्तुत किया।