Highlights

देश / विदेश

आस्था पर कट्टरपंथ का साया: बुर्के में जलाभिषेक करने वाली तमन्ना को मिली जिंदा जलाने की धमकी

  • 19 Feb 2026

संभल. यूपी के संभल में बुर्का पहनकर कांवड़ लाने वाली और महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक करने वाली तमन्ना मलिक को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. तमन्ना ने इस मामले को लेकर अपने पति अमन त्यागी के साथ थाने में तहरीर दी है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
तमन्ना मलिक ने समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के द्वारा पिछले दिनों दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी है. तमन्ना ने कहा कि विश्वास तो उनके ऊपर से भी काफी लोगों का उठ चुका है.
दरअसल, संभल के बदनपुर बसई गांव की रहने वाली तमन्ना मलिक अपने पति अमन त्यागी के साथ बुर्का पहनकर 14 फरवरी को पुलिस और निजी वॉलेंटियर्स की के बीच हरिद्वार से कांवड़ लेकर संभल पहुंची थीं. यहां 15 फरवरी को तमन्ना ने बुर्के में ही संभल के क्षेमनाथ तीर्थ पर तीर्थ के महंत बाल योगी दीनानाथ की मौजूदगी में शिवलिंग पर गंगाजल और दूध व दही से अभिषेक किया था.
इसके बाद तीर्थ के महंत बाल योगी दीनानाथ ने तमन्ना मलिक को आत्मरक्षा के लिए तलवार भेंट की थी. तमन्ना मलिक ने तलवार निकालकर बुर्के पर सवाल उठाने वालों के लिए बड़ी चेतावनी दी थी और कहा था कि बुर्का किसी की जागीर नहीं है.
अब तमन्ना ने पति अमन त्यागी के साथ संभल के असमोली थाने में पहुंचकर थाना प्रभारी मोहित चौधरी को मामले की जानकारी दी. तमन्ना मालिक और अमन त्यागी का आरोप है कि उन्हें सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी लोगों के द्वारा जान से मारने और जिंदा जलाने की धमकियां दी जा रही हैं, जिसकी वजह से वह असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. उनके बच्चों को भी खतरा बना हुआ है.
तमन्ना ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके बाद एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के निर्देश पर असमोली थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
साभार आज तक