Highlights

इंदौर

इंडिगो ने निरस्त की बेंगलुरू उड़ान, यात्री परेशान, यात्रियों को रिफंड और रिबुकिंग का विकल्प दिया

  • 24 Aug 2022

इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सबसे अधिक उड़ानों का संचालन करने वाली निजी उड़ान कंपनी इंडिगो लगातार अपनी उड़ानों को निरस्त किया जा रहा है। मंगलवार को भी कंपनी ने बेंगलुरू से इंदौर आकर वापस बेंगलुरू जाने वाली उड़ान को निरस्त कर दिया। इसके कारण इन उड़ानों में बुकिंग करवा चुके यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर वे लोग जिन्हें बेंगलुरु से आगे की उड़ान पकडऩा है। उन्हें परेशानी हो रही है।
एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि इंडिगो एयर लाइंस की उड़ान सिक्स ई-959 दोपहर 2.55 बजे बेंगलुरू से इंदौर आकर 3.25 बजे वापस बेंगलुरू जाती है। कंपनी ने मंगलवार को इस उड़ान को निरस्त कर दिया है। कंपनी ने इस उड़ान को निरस्त करने के लिए विमानतल प्रबंधन को ऑपरेशनल कारणों की बात कही। वहीं यात्रियों को केवल इतनी सूचना दी गई है कि यह उड़ान को निरस्त किया गया है। यात्रियों को रिफंड और रिबुकिंग का विकल्प दिया है। रात की बेंगलुरू उड़ान का विकल्प भी दिया गया है।
प्रबंधन सूत्रों ने बताया कि जिन उड़ानों में कम संख्या में यात्री होते है। कंपनी उसे निरस्त कर देती है। बीते कई दिनों से उड़ानों को निरस्त किया जा रहा है। घाटे में उड़ानों का संचालन करने के बजाए कंपनी यात्रियों को रिफंड कर देती है या दूसरी उड़ान में एडजस्ट कर देती है। ऐसा बीते कई दिनों से हो रहा है। जून और जुलाई में इंडिगो ने इंदौर एयरपोर्ट से सबसे अधिक उड़ानों को निरस्त किया है। इंदौर से ही इंडिगो सबसे अधिक उड़ानों का संचालन करती है, लेकिन लगातार उड़ानें निरस्त करने से यात्रियों को परेशानी होती है। एयरपोर्ट पहुंच चुके यात्री हंगामा भी करते है। कोरोना के पहले गो एयरवेज के लगातार इस तरह उड़ान निरस्त करने पर प्रबंधन ने उसे नोटिस भी दिया गया था।