Highlights

इंदौर

इंदौर को फिर मिली रेड आई उड़ान, रात 1 बजे रवाना होकर ढाई बजे पहुंचेगी दिल्ली

  • 08 Aug 2022

देर रात चलने वाली उड़ानों को तकनीकी भाषा में रेड आई उड़ान कहा जाता है
इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की रौनक रात में एक बार फिर लौट आई है। शनिवार रात बदले हुए समय से दुबई से आई उड़ान रात एक बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई। यह उड़ान रात ढाई बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह इंदौर एयरपोर्ट की पहली रेड आई उड़ान है। हालांकि इंडिगो जल्द ही बेंगलुरु और पुणे की अपनी उड़ानें शुरू करने वाला है। प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार 27 मार्च से एयरपोर्ट को रात में बंद कर दिया गया था। प्रधानमंत्री के विमान के लिए रनवे के टर्पपैड चौड़े करने का काम किया जा रहा था। लेकिन 31 जुलाई को काम खत्म होने के बाद 1 अगस्त से एयरपोर्ट 24 घंटे खुला रहने लगा है। इसी के साथ एयर इंडिया ने अपनी दुबई उड़ान का समय बदल दिया है। शनिवार को यह उड़ान दुबई के समयानुसार शाम 6.55 बजे (भारतीय समयानुसार रात 8.25 बजे) दुबई से रवाना होकर रात 11.45 बजे इंदौर आई। यह विमान रात एक बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
प्रबंधन ने बताया कि इंदौर में अभी 11 विमानों की पार्किंग की जगह है। जिसमें से इंडिगो अपने पांच विमान पार्क कर रही है। 15 विमानों की पार्किंग भी तैयार है। विमानों की नाइट पार्किंग होने से सुबह जल्दी उड़ानें रवाना हो जाती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि देर रात चलने वाली उड़ानों को तकनीकी भाषा में रेड आई उड़ान कहा जाता है। दरअसल देर रात सोने का समय होता है। उस दौरान यात्रियों को जागना होता है, जिससे आखें लाल होती है। इसलिए इसे रेड आई उड़ान कहा जाता है। इंदौर से पहले रात डेढ़ के अलावा सुबह साढ़े तीन बजे तक की उड़ान चल चुकी है।