इंदौर । कान्ह-सरस्वती नदी की सफाई के बाद एक बार फिर इसमें गाद दिखाई देने लगी है। निगम के अधिकारियों के मुताबिक नदी में पानी रोकने के लिए 11 अलग-अलग स्थानों पर स्टाप डैम बनाए गए हैं।
एक सप्ताह पहले जब तेज वर्षा हुई थी उसके बाद नदी में काफी पानी जमा हो गया था। निगम ने वर्षा के बाद इन स्टाप डैम को खोला। इसके बाद से ही नदी में काफी मात्रा में गाद दिखाई दे रही है। निगम के इंजीनियर सुनील गुप्ता के मुताबिक तेज वर्षा में नदी में दिखाई दे रही गाद बह जाएगी। अब नदी किनारे बने सभी आउटफाल बंद कर दिए गए हैं। इस वजह से अभी नदियों में सीवरेज का गंदा पानी नहीं आ रहा है। नगर निगम द्वारा जूनी इंदौर, कंडीलपुरा, जीएनटी मार्केट व पंचकुइया के पास नाले में आ रहे सीवरेज आउटफाल को बंद कर दिया गया है। अभी 10 ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से सीवरेज के पानी का उपचार कर इन नदियों में छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा अब निगम द्वारा सिरपुर तालाब के पास 20 एमएलडी व लक्ष्मी मेमोरियल अस्पताल के पास 35 एमएलडी क्षमता का ट्रीटमेंट प्लांट तैयार हो रहा है। ये सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट इस साल के अंत तक तैयार हो जाएंगे। इसके बाद इस क्षेत्र में सीवरेज के पानी के उपचार की व्यवस्था बेहतर होगी।
इंदौर
इंदौर में स्टाप डैम खोले तो कान्ह-सरस्वती में फिर दिखी गाद
- 20 Jun 2022



