इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से रायपुर जाने वाली इंडिगो की उड़ान को बुधवार को निरस्त किया गया है। इस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार को भी यह उड़ान नहीं गई थी।
जानकारी के अनुसार इंडिगो की उड़ान संख्या सिक्स ई 7112 रोजाना सुबह एयरपोर्ट के खुलते ही छह बजकर पांच मिनट पर रायपुर के लिए रवाना होती है और सुबह 7.55 पर रायपुर पहुंचती है। लेकिन बुधवार को यह उड़ान रवाना नहीं हुई। बताया जा रहा है, कंपनी ने इसे निरस्त कर दिया है। इस कारण वे यात्री जो एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे, उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। कंपनी ने यात्रियों के सामने रिफंड और रिबुकिंग का विकल्प दिया है। बताया जा रहा है कि यात्रियों की कमी के कारण इस उड़ान को निरस्त किया गया है। कंपनी अक्सर ऐसा करती है, जब भी किसी उड़ान में कम यात्री मिलते है,तो उसे निरस्त कर दिया जाता है। बीते कुछ दिनों से इंदौर एयरपोर्ट से जितनी भी उड़ानें निरस्त हुई है। उसमें सबसे अधिक उड़ानें उड़ान कंपनी इंडिगो की हैं। कंपनी हर बार आपरेशनल कारण बताकर उड़ान को निरस्त कर देती है।
इधर ट्रेन का शेडयूल भी बिगड़ा
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इंदौर में तो अभी वर्षा ने ज्यादा प्रभावित नहीं किया है। लेकिन पड़ोसी राज्यों में हो रही भारी वर्षा के कारण इंदौर आने वाली ट्रेनों का शेडयूल बिगड़ गया है। खासकर गुजरात और महाराष्ट्र से आने वाली ट्रेन अपने समय से घंटों देरी से आ रही हैं। मुंबई से इंदौर आने वाली अवंतिका एक्सप्रेस, दौंड इंदौर एक्सप्रेस, शांती एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें अपने तय समय से दो से ढाई घंटे देरी से चल रही हैं। रेलवे सूत्रों ने बताया कि अगर हालात नहीं सुधरे और रेलवे ट्रैक से पानी नहीं हटा तो ट्रेनों को निरस्त भी किया जाएगा।
इंदौर
इंदौर रायपुर उड़ान निरस्त, यात्री हुए परेशान, मंगलवार को भी नहीं चली थी
- 14 Jul 2022



