Highlights

इंदौर

इंदौर से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की उड़ान निरस्त

  • 19 Sep 2022

इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से बेंगलुरु आने जाने वाले यात्रियों को रविवार को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दरअसल इंडिगो ने अपनी दोपहर में जाने वाली उड़ान को निरस्त कर दिया है। बीते कुछ माह से लगातार इंडिगो अपनी उड़ान को निरस्त कर रही है।
एयरपोर्ट प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की उड़ान सिक्स ई-959 रोज दोपहर 3.25 बजे बेंगलुरु से इंदौर आकर 3.55 बजे वापस बेंगलुरु जाती है, लेकिन कंपनी ने आज इसे निरस्त करने की घोषणा कर दी है। कंपनी ने विमानतल प्रबंधन को इसके लिए आपरेशनल कारणों की बात कही है। वहीं इस फ्लाइट में बुकिंग करवा चुके यात्रियों को रिफंड और रिबुकिंग का विकल्प दिया है। कंपनी इससे पहले भी कई बार अपनी उड़ानों को निरस्त कर चुकी है, जिससे लगातार यात्री परेशान हो रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि आज तो पूर्व सूचना दे दी गई है, लेकिन कई बार तो यात्री को एयरपोर्ट आने के बाद पता चलता है कि उनकी उड़ान निरस्त हो गई है। इंडिगो ही इंदौर एयरपोर्ट से सबसे अधिक उड़ानों का संचालन करती है, लेकिन बीते कई दिनों से इंडिगो ही इंदौर से सबसे अधिक उड़ाने निरस्त करती है।
प्रबंधन ने नोटिस नहीं दिया
जानकारों का कहना है कि इस मामले में प्रबंधन की भी लापरवाही सामने आ रही है। दरअसल, कुछ साल पहले गो एयर भी लगातार ऐसा ही कर रही थी। वह अचानक ही उड़ानों को निरस्त कर रही थी। यात्री आकर एयरपोर्ट पर हंगामा करते थे और रोजाना विवाद के हालात बनते थे। इसके बाद प्रबंधन ने गो एयर को नोटिस जारी किया था और कहा था कि उनके लगातार उड़ान निरस्त करने से एयरपोर्ट की प्रतिष्ठा खराब हो रही है। इसके बाद कंपनी ने अचानक उड़ान निरस्त करना बंद कर दिया था। हालांकि, अब तक इंडिगो को कोई नोटिस प्रबंधन ने नहीं दिया है।