Highlights

इंदौर

इल्वा में विधान बदलने का विरोध, दिवाली मिलन समारोह में फूटा आक्रोश

  • 09 Nov 2022

इंदौर। इंदौर लोहा व्यापारी एसोसिएशन (इल्वा) में संस्था के विधान बदलने का विरोध शुरू हो गया है। सोमवार रात को संस्था के सहयोग ग्रुप ने दिपावली मिलन समारोह आयोजित किया। जाल सभागृह में आयोजित मिलन समारोह में वरिष्ठ सदस्यों ने आरोप लगाया कि संस्था का विधान बदलने के नाम पर मनमानी की गई है। मंत्री और अधिकारियों से पहचान का लाभ उठाकर संस्था पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।
इल्वा फरवरी में ही चुनाव की घोषणा हो चुकी थी। नामांकन के बाद चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी गई थी। सोमवार शाम आयोजित हुए मिलन समारोह में इल्वा में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रहे हरबंसलाल अरोरा के साथ सतीश गुप्ता, पवन गोयल समेत 200 से ज्यादा वरिष्ठ सदस्य मौजूद थे। सहयोग के सदस्य और पूर्व उपाध्यक्ष मोहम्मद पीठावाला ने संस्था के मौजूदा अध्यक्ष और पदाधिकारियों को निशाने पर लिया। कहा कि कार्यकाल खत्म होने के दो साल बाद भी ये पद पर बने हुए हैं। मंत्री और अधिकारियों से इनकी पहचान है तो उसका उपयोग संस्था की भलाई में नहीं कर रहे बल्कि अपनी कुर्सी बचाने में कर रहे हैं। इल्वा की इज्जत बाजार में दो कौड़ी की कर दी है।
वरिष्ठ सदस्यों ने कहा कि आगे संस्था में चुनाव कुछ लोगों की मनमर्जी से हों और चुनिंदा लोग ही बने रहे। इस तरह विधान को बदल दिया गया है। सतीश गुप्ता, पवन गोयल ने कहा कि वर्चुअल मीटिंग में आखिल कोई विधान कैसे बदला जा सकता है। न सदस्यों को प्रतियां दी गई। न आपत्ति ली न सुझाव लिए गए। पूरी प्रक्रिया ही अवैधानिक है। सदस्यों ने आपत्ति ली कि सदस्यता शुल्क भी 15 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये कर दिया गया है। इल्वा को संस्था की बजाय क्लब बनाने की कोशिश हो रही है। सहयोग ग्रुप ने सदस्यों ने अपील की कि सत्ताधारी पैनल के खिलाफ मिलकर खड़े हो और विरोध कर निष्पक्ष चुनाव की मांग की जाए।