विभिन्न राज्यों के भक्त एवं विदेशी श्रद्धालु भी आएंगे
इंदौर। अंतर्राष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) इंदौर की शुक्रवार 1 जुलाई को निकलने वाली जगन्नाथ रथयात्रा का शुभारंभ जगदगुरु शंकराचार्य, भानपुरा पीठाधीश्वर स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ सहित अनेक संत-विद्वानों के सानिध्य में होगा। रथयात्रा इस बार परदेशीपुरा स्थित द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर शिवधाम से प्रारंभ होकर पाटनीपुरा चौराहा, भमोरी, अनूप टाकीज, गिरधर महल होते हुए सयाजी के सामने स्थित ओमिनी गार्डन पर विराम लेगी।
गिरधर महल पर इस्कॉन इंदौर के अध्यक्ष स्वामी महामनदास के सानिध्य एवं मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन पी.डी. अग्रवाल कांट्रेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित रथयात्रा समिति की बैठक में यात्रा कार्यक्रम के अंतिम रूप दे दिया गया। यात्रा प्रभारी हरि अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंघल, पूर्व अध्यक्ष गणेश गोयल, समाजसेवी राजेश विजयवर्गीय, अनिल भंडारी एवं अर्चना जायसवाल के विशेष आतिथ्य में हुई इस बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि शनिवार, 25 जून से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यात्रा का घर-घर निमंत्रण देने के लिए प्रभातफेरियों का आयोजन भी किया जाएगा। बैठक में विजय नगर अग्रवाल संघ, म.प्र. वैश्य महासम्मेलन, अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति, अग्रसेन महासभा, छत्रीबाग जनसेवा समिति, श्रद्धा-सुमन सेवा समिति एवं सर्वब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने भी शामिल होकर अपनी सेवाएं देने का संकल्प व्यक्त किया। इस्कॉन की ओर से शैलेन्द्र मित्तल, विशाल दास प्रभु, महाकालेश्वर प्रभु, सुदर्शनदास प्रभु, राधागोविंद प्रभु एवं पार्थ सारथी प्रभु ने भी रथयात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए इसे देवी अहिल्या की नगरी के लिए सौभाग्य का विषय बताया।
इंदौर
इस्कॉन की रथयात्रा का शुभारंभ जगदगुरु शंकराचार्य करेंगे
- 21 Jun 2022



