इस बार नहीं देंगे भाजपा को हॉर्स ट्रेडिंग का मौका
इंदौर। 2015 में हमारे पास जहां 16 में से एक भी नगर निगम नहीं थी अब 5 है। इस बार विंध्य में रीवा, महाकौशल में जबलपुर व छिंदवाडा, ग्वालियर-चम्बल संभाग में ग्वालियर व मुरैना जीते हैं। इससे यह बात साबित होती है कि कमलनाथ के नेतृत्व में हम सारे कांग्रेसी एकजुट होकर चुनाव जीते हैं। कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है। हम पूरे दमखम के साथ 2023 का चुनाव लड़ेंगे और 230 में से 150 सीट जीतेंगे ताकि खरीद-फरोख्त की सारी संभावनाएं समाप्त हो जाएं।
यह बात पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को इंदौर में कही। वे यहां करीब 11 साल पुराने एक मामले में बेटे (पूर्व मंत्री) जय वर्धन सिंह के साथ जिला कोर्ट में पेशी पर आए थे। सिंह ने इस दौरान कहा कि मैं कोर्ट के फैसले का सम्मान करता हूं। उन्होंने कहा कि जज साहब ने हमारी जमानत कायम रखते हुए बड़ी मेहरबानी की है, उनके प्रति आभार।
गांधी परिवार ने आजादी की लड़ाई लड़ी, शहादत दी
ईडी द्वारा सोनिया गांधी से पूछताछ के मामले में उन्होंने कहा कि पूरी भाजपा सरकार मोदी-शाह के तहत कांग्रेस के उस परिवार को उत्पीडऩ करने में लगी है जिस परिवार ने आजादी की लड़ाई में गिरफ्तारियां दी, पांच-दस साल जेल में गुजारे. जिस परिवार के दो भूतपूर्व प्रधान मंत्रियों ने देश के लिए शहादत दी। यह वह परिवार है, जो डरेगा न झुकेगा। हम सब लोग उनके साथ खड़े हैं। यह केवल राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता व उत्पीडऩ का मामला है। एक पैसे का लेन-देन नहीं हुआ, एक पैसे की हेराफेरी नहीं हुई, कोई नियम का उल्लंघन नहीं हुआ, कोई कानून का उल्लंघन नहीं हुआ फिर भी माहौल बनाया जा रहा है। हम इसकी निंदा करते हैं।
भाजपाइयों ने नाखून तक की कुबार्नी नहीं दी, वे क्या बात करते हैं?
सिंह ने कहा कि इस मामले मैं क्या बात करते है भाजपा के लोग? यह क्या बात करते हैं संघ के लोग, जिन्होंने आजादी की लडाई में नाखून तक की कुबार्नी नहीं दी। हमारा नजरिया सदा जनता के हित में होता है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हम आभारी हैं जनता के जिन्होंने ग्रामीण में 70 प्रतिशत से ज्यादा जिताया है। नगर पालिका, नगर निगमों, पंचायत में हमें पहले की अपेक्षा बहुत ज्यादा समर्थन मिला है।
उधर, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने उज्जैन में हुई मतगणना को लेकर कहा कि इसमें धांधली हुई। वे इसके खिलाफ कोर्ट की शरण लेंगे। उन्होंने हाल ही के चुनाव नतीजों को लेकर कहा कि नतीजों से स्पष्ट होता है कि मप्र की जनता भाजपा के खिलाफ है। 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का धन बल हारेगा और कांग्रेस का जन बल जीतेगा
युवक कांग्रेस ने किया ईडी कार्यालय के सामने प्रदर्शन
उधर, नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के केस में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी द्वारा पूछताछ करने के मामले में गुरुवार को देशव्यापी प्रदर्शन किया जा रहा है। इसी कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व एमटीएच स्थित ईडी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। कार्यकतार्ओं ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए और ईडी की खिलाफत की। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रही है।
इंदौर
इस बार मप्र में 150 सीटें जीतेगी कांग्रेस- दिग्विजयसिंह
- 22 Jul 2022