नई दिल्ली। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में चेन्नई सुपर किंग्स के सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ शतक नहीं पूरा कर सके हैं। वह आईपीएल 2023 की पहली सेंचुरी लगाने से सिर्फ 8 रन से चूक गए। ऋतुराज गायकवाड़ के साथ लगातार दूसरी बार ऐसा हुआ है कि वह नर्वस नाइंटीज के चंगुल में फंसे हो। इससे पहले वह पिछले सीजन में यानी आईपीएल 2022 में भी नर्वस नाइंटीज का शिकार बने थे।
ऋतुराज गायकवाड़ ने आईपीएल 2023 के पहले मुकाबले में 50 गेंद में 92 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 9 छक्के लगाए। इससे पहले उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में दमदार फिफ्टी पूरी की थी। इसी के साथ वह लगातार दूसरी बार शतक बनाने से चूके। इससे पहले आईपीएल 2022 में वह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में 57 गेंद में 99 रन बनाकर आउट हुए थे। ऋतुराज गायकवाड़ ने आईपीएल में सिर्फ एक शतक लगाया है। आईपीएल 2021 में उन्होंने शतक लगाया था।
गायकवाड़ जीटी के खिलाफ एक पारी में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं, इससे पहले पिछले साल क्वालीफायर 1 में ईडन गार्डन्स में जोस बटलर ने गुजरात के खिलाफ 89 रन की पारी खेली थी।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक पारी में सर्वाधिक छक्का लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। चेन्नई के लिए खेलते हुए एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड मुरली विजय के नाम है, जिन्होंने 2010 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 11 छक्के जड़े थे।
साभार लाइव हिन्दुस्तान
खेल
ऋतुराज गायकवाड़ सिर्फ 8 रन से शतक चूके

- 01 Apr 2023