Highlights

इंदौर

कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे के विरोध में पुलिस आयुक्त कार्यालय का घेराव

  • 08 Jul 2022

इंदौर। नगर निगम के चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद पुलिस के द्वारा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए जाने के विरोध में कांग्रेसियों ने पुलिस आयुक्त कार्यालय को घेराव किया। वहां पर कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि हमारे कार्यकर्ताओं को हाथ लगाने वालों को मुंहतोड़ जवाब देंगे।
कांग्रेसी बड़ी संख्या में गुरुवार दोपहर को पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र के डेली कॉलेज के सामने स्थित कार्यालय पर पहुंचे। वहां पर कांग्रेसियों द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस के द्वारा झूठे मुकदमे दर्ज किए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन को संबोधित करते हुए नगर निगम चुनाव में महापौर पद के प्रत्याशी एवं कांग्रेस के विधायक संजय शुक्ला ने कहा कि जबसे मैं चुनाव लड़ रहा था, तब से भाजपा वाले कुछ भी बोल रहे थे। इसके बाद भी हमने उन्हें किसी भी बात का कोई जवाब नहीं दिया। चुनाव भी कांग्रेस ने शांतिपूर्ण तरीके से लड़ा। जनता के कांग्रेस के प्रति रुझान से भाजपा के नेता बौखला रहे थे। इन नेताओं ने अपनी बौखलाहट में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर हमला किया। उनके साथ मारपीट की। इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस हाथ बांधकर खड़े होकर देखती रही। बाद में पुलिस ने कांग्रेसियों पर ही झूठे मुकदमे दर्ज कर लिए गए।
उन्होंने पुलिस आयुक्त के सामने कहा कि जब विधायक का बेटा मतदान केंद्र में घुसकर कांग्रेस के कार्यकर्ता सुनील सोलंकी को पीट रहा है। उसका वीडियो मौजूद है उसके बाद भी विधायक के बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। हम लोग थाना छ्त्रीपुरा पर मुकदमा दर्ज कराने पहुंचे तो टीआई थाना छोड़कर चला गया। शुक्ला ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 2 में कांग्रेस के नेता राजू भदोरिया के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज किया गया। वहां की जनता आक्रोश में है। वहां भाजपा के नेताओं को अपनी चुनाव में स्थिति अच्छी नहीं है, इसलिए यह मुकदमा दर्ज कराया गया। इसी तरह से अनवर कादरी के खिलाफ भी पुलिस के द्वारा झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है। इस अवसर पर शहर कांग्रेस के अध्यक्ष विनय बाकलीवाल, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी, पूर्व विधायक अश्विन जोशी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोलू अग्निहोत्री और पिंटू जोशी के साथ अन्य कांग्रेसी मौजूद थे।