सतना। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का सतना दौरा निरस्त हो गया है। शाह मप्र में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्राओं को हरी झंडी तो दिखाएंगे लेकिन सतना नहीं आएंगे। उनके बजाय अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सतना आएंगे और प्रथम चरण की जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ करेंगे।
विधानसभा चुनावों के मद्देनजर प्रदेश भर में भाजपा और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिना कर नब्ज टटोलने के लिहाज से शुरू की जा रहीं जन आशीर्वाद यात्राओं के पहले चरण की शुरूआत तो सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र के मझगवां से ही होगी लेकिन अब इस यात्रा को हरी झंडी दिखाने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सतना नहीं आएंगे।
जन आशीर्वाद यात्राओं के संशोधित शड्यूल के अनुसार अब 3 सितंबर को प्रथम चरण की यात्रा को चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में मिचुकरिन मझगवां में हरी झंडी भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा दिखाएंगे। इस दौरान सीएम शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद रहेंगे।
पहले के कार्यक्रम अनुसार प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्राओं की शुरूआत गृह मंत्री शाह को ही करनी थी लेकिन अब शुरूआत नड्डा करेंगे और शाह 5 सितंबर को मंडला जाएंगे। वे 5 सितंबर को ही श्योपुर में भी यात्रा क्रमांक 5 में शामिल होंगे। नए शेड्यूल अनुसार यात्रा क्रमांक 3 को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 6 सितंबर को खंडवा में हरी झंडी दिखाएंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 4 सितंबर को यात्रा क्रमांक 4 में शामिल होने नीमच पहुंचेंगे।
राज्य
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सतना दौरा रद्द, अब नड्डा आएंगे, जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे
- 31 Aug 2023