Highlights

इंदौर

किसानों से व्यापारी 1 रुपये किलो लहसुन खरीद रहे, नाराज किसानों ने किया प्रदर्शन

  • 05 Sep 2022

इंदौर। जिले में किसानों के साथ गजब की स्थिति सामने आई है। यहां पर व्यापारी किसानों से मात्र एक रुपये किलो में लहसुन खरीदने को मजबूर कर रहे हैं। इससे नाराज किसानों ने केंद्रीय कृषि मंत्री और कमल पटेल के मुखौटे लगाकर प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां एक तरफ किसानों की आदमनी दोगुना करने और उन्हें सशक्त करने की बाते करते हैं। वहीं मध्यप्रदेश के किसानों को फसलों का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है। एक तरफ, जहां बाजारों में 40 से 50 रुपये किलो लहसुन बिक रहा है। वहीं, किसानों से व्यापारी एक रुपए किलो के दाम पर लहसुन खरीद रहे हैं।
नाराज किसानों ने इंदौर में प्रदर्शन किया। किसानों ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल के मुखौटे लगाकर लहसुन की माला पहनकर प्रदर्शन किया। रविवार को इंदौर कलेक्ट्रेट के सामने युवा किसान संघ ने फसलों के उचित दाम नहीं मिलने को लेकर प्रदर्शन किया। किसानों ने कहा, व्यापारी एक रुपये किलो लहसुन खरीद रहे हैं। वहीं, प्याज भी काफी सस्ता बिक रहा है। मध्यप्रदेश में किसानों की फसलों के लगातार भाव कम होने से किसानों के सामने जीने मरने का संकट पैदा हो गया है। हालात यह है कि फसलों का लागत मूल्य भी नहीं मिल रहा है। किसानों ने आरोप लगाया, पीएम एक तरफ आत्मनिर्भर किसान का वादा देते हैं। दोगुना आमदनी की बातें करते हैं। वहीं सरकार भी किसानों की तरफ देखने को तैयार नहीं है।
लिहाजा हम प्रदर्शन कर अपनी बातें सरकार तक पहुंचा रहे हैं। किसानों ने कहा, सरकार उनकी उचित मांग नहीं माने तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। किसानों ने पांच हजार लहसुन और प्याज के लिए दो हजार रुपये प्रति क्विंटल का भाव करने की मांग की है।